Tiger Shroff Firing: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की खबर सामने आई है. मुंबई के जुहू इलाके में उनकी गाड़ी पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की. बताया जा रहा है कि इस दौरान 5 से 7 राउंड गोलियां चलाई गईं. घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और एक रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है. हालांकि, अभिनेता पूरी तरह सुरक्षित हैं. मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
टाइगर श्रॉफ को नहीं लगी गोली
जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे ही उनकी गाड़ी मैदान से बाहर निकली, बाइक पर सवार तीन लोगों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना में टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक रिक्शा चालक के घायल होने की बात सामने आई है.
मुंबई पुलिस ने भी घटना की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, जुहू पुलिस स्टेशन के इलाके में गोलीबारी हुई है. टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और मामले की आगे जांच की जा रही है.