मोना अग्रवाल ने रचा इतिहास, 357.5 के स्कोर के साथ तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, जीता दूसरा गोल्ड मेडल

Asian Para Games 2026: एशियन पैरा गेम्स 2026 में मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस SH1 स्पर्धा में 357.5 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता. .

mona-agarwal-wins-second-gold-breaks-world-record-asian-para-games
Image Source: Internet

Asian Para Games 2026: भारतीय पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है. महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस SH1 स्पर्धा में उन्होंने गोल्ड मेडल जीतने के साथ विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. शुक्रवार को हुई इस स्पर्धा में मोना ने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए दो रिकॉर्ड ध्वस्त किए. यह एशियन पैरा गेम्स में उनका दूसरा स्वर्ण पदक है. उनकी इस उपलब्धि से भारतीय दल के अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है.

357.5 के स्कोर के साथ तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

मोना अग्रवाल ने आइची प्रीफेक्चर जनरल शूटिंग गैलरी में आयोजित मुकाबले में 357.5 का शानदार स्कोर हासिल किया. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने स्वीडन की निशानेबाज अन्ना बेन्सन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया. बेन्सन ने इसी साल जुलाई में नोवी साद में 356 का स्कोर बनाकर यह रिकॉर्ड कायम किया था.

मोना ने अपने प्रदर्शन से न केवल गोल्ड मेडल जीता, बल्कि विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवाया. दबाव भरे मुकाबले में उनका यह स्कोर भारतीय पैरा शूटिंग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

एशियन रिकॉर्ड भी मोना अग्रवाल के नाम

मोना अग्रवाल की सफलता केवल विश्व रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रही. उन्होंने इस स्पर्धा में एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. दक्षिण कोरिया की ली युनरी ने पिछले महीने चांगवॉन में 355.7 का स्कोर बनाकर एशियाई रिकॉर्ड स्थापित किया था. मोना ने 357.5 के स्कोर के साथ इस प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान बनाया. एक ही स्पर्धा में गोल्ड मेडल के साथ विश्व और एशियाई रिकॉर्ड हासिल करना मोना के शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है. उनकी इस उपलब्धि ने एशियन पैरा गेम्स में भारत की पदक उम्मीदों को भी मजबूती दी है.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: दूसरे T-20 में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी? ईशान किशन इंजर्ड, बैटिंग कोच ने दिया अपडेट