India Weather Update पहाड़ी राज्यों के साथ देशभर में कंपकंपाती ठंड का दौर जारी है. दिल्ली-एनसीआर को छोड़ दें तो हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलााकों में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो चुकी है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के चलते कुछ जगहों पर शीतलहर भी जारी है. इस बीच ठंड के साथ कोहरे ने दिल्ली-एनसीआर के परेशान करना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग ने दिल्ली समेत देशभर में आगामी 29 दिसंबर तक शुष्क मौसम की स्थिति जारी रहने का अनुमान जताया है. अगले 2 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है.
दिल्ली समेत कई राज्यों में कोहरे चलते अलर्ट जारी
देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में तुलनात्मक रूप से ठंड बढ़ गई है. इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बुधवार (27 दिसंबर) को घने कोहरे के मुद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही IMD ने लोगों को घर से निकलने से पहले सावधान रहने की सलाह दी है. आईएमडी का कहना है कि ये कोहरा 28 दिसंबर तक रहने का अनुमान है. ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि अपने वाहन की गति धीमी रखें और कम विजिबिलिटी के मद्देनजर फॉग लाइट जरूर जलाएं.
यूपी में भी कोहरा करेगा परेशान
उधर, हरियाणा और पंजाब में मौसम विभाग ने 29 दिसंबर तक घना कोहरे की चेतावनी जारी की है. इस बीच उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अगले 3-4 दिनों के दौरान हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना मौसम विभाग की ओर से जताई गई है. उत्तर प्रदेश की बात करें तो बुधवार को लखनऊ, कानपुर समेत पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और विजिबिलिटी 100 से 200 मीटर तक जा सकती है. गंगा के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का अनुमान है.
अगले सप्ताह से बढ़ सकती है ठंड
वहीं, मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक बुधवार को केरल और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 29 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है, जिसके बाद ठंड बढ़ेगी.
कई राज्यों में बारिश के आसार
उधर, IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 30 दिसंबर (शनिवार) के बाद से एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने वाला है, जिसके चलते कई उत्तर भारत के राज्यों में बारिश का दौर शुरू होगा. इसके 2 जनवरी तक जारी रहने का पूर्वानुमान है. वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, अनुसार, 30 दिसंबर से नॉर्थईस्ट राज्यों और तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में बुधवार से दोबारा बारिश का दौर शुरू होगा.