झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार देर शाम निधन हो गया. उन्होंने रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में अंतिम सांस ली. वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं और अस्पताल में उनका इलाज जारी था. तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा था.
18 सितंबर से अस्पताल में चल रहा था इलाज
रूपी सोरेन को सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बुधवार को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उनकी लगातार निगरानी की. मां की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए और कैबिनेट की प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी. वह इलाज के दौरान अस्पताल में मौजूद रहे.
परिवार के सदस्य अस्पताल में रहे मौजूद
रूपी सोरेन के निधन के वक्त मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य और कई मंत्री अस्पताल में मौजूद थे. निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार में शोक का माहौल छा गया. झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी शोक की लहर देखी गई.
राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक
रूपी सोरेन के निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की प्रतिक्रिया सामने आई है. पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है. रूपी सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम के संस्थापक नेताओं में शामिल रहे शिबू सोरेन की पत्नी थीं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां थीं.
ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज! बारिश के साथ बढ़ेगी ठंड, 14 राज्यों में अलर्ट