मिसाइल, ड्रोन से लॉन्चर तक... ईरान ने फिर दिखाई अपनी ताकत, शेयर किया नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का Video

ईरान ने अपनी सैन्य ताकत का एक और नमूना दुनिया के सामने पेश किया है. देश की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है.

Iran sharing a video of a new underground missile city IRGC Military Update
Image Source: Social Media

Iran Missile City: ईरान ने अपनी सैन्य ताकत का एक और नमूना दुनिया के सामने पेश किया है. देश की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है. इसमें जमीन के नीचे बड़ी संख्या में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें रखी दिखाई दे रही हैं. इनके साथ मिसाइल लॉन्च करने वाले सिस्टम भी मौजूद हैं.

IRGC से जुड़ी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने मंगलवार को इस मिसाइल ठिकाने की तस्वीरें और वीडियो जारी किए. हालांकि, ईरान ने यह नहीं बताया कि यह मिसाइल सिटी किस जगह पर बनाई गई है और यहां कितनी मिसाइलें रखी गई हैं.

अमेरिका और इजराइल के साथ जंग शुरू होने के बाद यह तीसरी बार है, जब ईरान ने अपने भूमिगत मिसाइल ठिकानों का वीडियो जारी किया है.

अमेरिका को अपनी सैन्य ताकत दिखा रहा ईरान

ईरान ने यह वीडियो ऐसे समय जारी किया है, जब अमेरिका उस पर आर्थिक प्रतिबंध जारी रखे हुए है. इसके साथ ही अमेरिकी नौसेना ने ईरान की समुद्री नाकेबंदी भी कर रखी है.

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वीडियो के जरिए ईरान यह दिखाना चाहता है कि अमेरिकी और इजराइली हमलों के बावजूद उसकी सैन्य ताकत कमजोर नहीं हुई है. वह अब भी अपने मिसाइल सिस्टम और सैन्य ठिकानों को सुरक्षित रखने में सक्षम है.

ईरान ने अपनी मिसाइलों को हवाई हमलों से बचाने के लिए जमीन के नीचे बड़े-बड़े ठिकाने बनाए हैं. इन ठिकानों में मिसाइलों को रखने के साथ उनके निर्माण और लॉन्चिंग की व्यवस्था भी की गई है. इन्हें अलग-अलग जगहों पर बनाया गया है, ताकि किसी एक ठिकाने पर हमला होने से पूरे मिसाइल नेटवर्क को नुकसान न पहुंचे.

इस दौरान IRGC के कमांडर माजिद मौसवी ने भी दुश्मनों को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान अपने दुश्मनों के सैन्य ठिकानों को पूरे क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि उससे बाहर भी निशाना बना सकता है.

ईरान के पास अब कितनी मिसाइलें बची हैं?

ईरान की सैन्य ताकत में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों की अहम भूमिका है. हालांकि, अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद उसके पास अब कितनी मिसाइलें बची हैं, इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है. यह भी साफ नहीं है कि उसके अंडरग्राउंड ठिकानों में कितनी मिसाइलें सुरक्षित रखी गई हैं.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने 2022 में अनुमान लगाया था कि ईरान के पास 3,000 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें थीं. लंबे समय तक इसी आंकड़े को ईरान के मिसाइल भंडार का आधार माना जाता रहा.

वहीं, इस साल की शुरुआत में इजराइली सेना ने ईरान के पास करीब 2,500 मिसाइलें होने का अनुमान लगाया था. इजराइल के मुताबिक, ईरान हर महीने दर्जनों नई मिसाइलें भी बना रहा था.

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब ईरान के पास करीब 1,000 से 1,500 मिसाइलें ही इस्तेमाल करने लायक बची हैं. हालांकि, इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

जमीन के नीचे ही मिसाइल और ड्रोन बना रहा ईरान

ईरान अब अपने हथियार बनाने की व्यवस्था को भी जमीन के नीचे ले जा रहा है. IRGC के प्रवक्ता हुसैन मोहेबी के मुताबिक, मिसाइल और ड्रोन बनाने वाली कई फैक्ट्रियों को जमीन के ऊपर से हटाकर भूमिगत ठिकानों में शिफ्ट किया गया है.

उन्होंने इन ठिकानों को सिर्फ हथियार रखने की जगह नहीं, बल्कि मिसाइल बनाने वाले शहर बताया. उनका कहना है कि ईरान के पास हथियार बनाने की अपनी तकनीक है. इसकी मदद से वह भारी बमबारी के बीच भी मिसाइल और ड्रोन का निर्माण जारी रख सकता है.

ईरान की IRGC एयरोस्पेस फोर्स देश के मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालती है. जमीन के नीचे फैक्ट्रियां और हथियारों के भंडार बनाने का मुख्य मकसद उन्हें दुश्मनों के हवाई हमलों से बचाना है. इससे हमले के बाद भी ईरान के लिए मिसाइल बनाना और उन्हें लॉन्च करना आसान हो सकता है.

ईरान में करीब 30 अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी

ईरान ने अपने देश के अलग-अलग हिस्सों में भूमिगत मिसाइल ठिकानों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया है. ईरान इंटरनेशनल की पड़ताल के मुताबिक, देश में ऐसे करीब 30 ठिकाने मौजूद हैं.

ये ठिकाने तेहरान, इस्फहान, तबरीज, करमानशाह और खोर्रमाबाद समेत कई इलाकों में फैले हुए हैं. हालांकि, 11 नवंबर को जारी किए गए नए वीडियो में दिखाए गए मिसाइल ठिकाने की सही लोकेशन का खुलासा नहीं किया गया है.

ईरान ने अपने दक्षिणी इलाकों में भी ऐसे ठिकाने बनाए हैं. इनका मकसद फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अपनी सैन्य ताकत बनाए रखना है. इन जगहों से सऊदी अरब, बहरीन, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान जैसे देशों के साथ समुद्री रास्तों को भी मिसाइलों की पहुंच में रखा जा सकता है.

ये भी पढ़ें - ईरान के खौफ से घर छोड़कर बंकर में छिपे अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, भारत का उड़ा चुके हैं मजाक