अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह भारत पर उनकी टिप्पणी नहीं, बल्कि ईरान से जुड़ा डर है. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान से संभावित खतरे को देखते हुए स्कॉट बेसेंट ने अपना घर छोड़ दिया है और अब वह एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर रह रहे हैं. मंगलवार को मामले की जानकारी रखने वाले कुछ लोगों ने इस बारे में खुलासा किया.
दिलचस्प बात यह है कि ईरान को लगातार कड़ी चेतावनी देने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के अधिकारी अब खुद अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ बेसेंट ही नहीं, बल्कि ट्रंप प्रशासन के कई अन्य अधिकारियों को भी डर है कि ईरान उन्हें निशाना बना सकता है.
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि स्कॉट बेसेंट को किस तरह की धमकी मिली थी और उन्हें अपना घर छोड़कर सैन्य ठिकाने पर क्यों जाना पड़ा.
क्या अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की तैयारी में ईरान?
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी ने अमेरिकी अधिकारियों को भेजे गए एक चेतावनी भरे मेमो के बारे में जानकारी दी है. इसमें कहा गया है कि अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ संभावित साजिश अब अगले चरण में पहुंच चुकी है.
इस मेमो की पिछले महीने के आखिर में समीक्षा की गई थी. हालांकि, इसमें दी गई चेतावनी कितनी गंभीर है, इस बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि ईरान के लिए अमेरिका की जमीन पर किसी अधिकारी को निशाना बनाना आसान नहीं है. इसके बावजूद सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
ईरान पर प्रतिबंध लगाने में सबसे आगे रहे हैं स्कॉट बेसेंट
स्कॉट बेसेंट ट्रंप प्रशासन में ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों को सख्त करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. उन्होंने ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं.
बेसेंट ने ईरान के खिलाफ 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' नाम से अभियान चलाया था. इसके तहत ईरान की डिजिटल संपत्तियों, क्रिप्टोकरेंसी, सोने के कारोबार, विमानन क्षेत्र और समुद्री व्यापार को निशाना बनाया गया. अमेरिका का मकसद ईरान की आर्थिक गतिविधियों को कमजोर करना था.
इसके अलावा अमेरिकी वित्त विभाग ने ईरान के बैंकिंग नेटवर्क पर भी कार्रवाई की. ईरान के प्रमुख बैंक मेली और उसकी विदेशी शाखाओं पर प्रतिबंध लगाए गए. वहीं, ईरानी संस्थाओं के लिए अरबों डॉलर के लेन-देन में मदद करने के आरोप में मिस्र के बैंक मिस्त्र की यूएई शाखा को भी अमेरिकी वित्तीय व्यवस्था से बाहर कर दिया गया.
ईरान के तेल निर्यात और उसकी तस्करी में मदद करने के आरोप में 60 से ज्यादा जहाजों, कंपनियों और लोगों पर भी प्रतिबंध लगाए गए. इनमें भारत, तुर्की और कनाडा से जुड़ी कुछ संस्थाएं भी शामिल थीं.
भारत को 'टैरिफ का महाराजा' बता चुके हैं बेसेंट
स्कॉट बेसेंट भारत को लेकर अपनी टिप्पणियों की वजह से भी विवादों में रहे हैं. अगस्त 2025 में फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में उनसे पूछा गया था कि क्या अमेरिका को इस बात की चिंता है कि भारत डॉलर के बजाय रुपये में व्यापार बढ़ा सकता है.
इस पर बेसेंट ने तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें कई चीजों की चिंता है, लेकिन भारतीय रुपया दुनिया की प्रमुख रिजर्व करेंसी बन जाए, इसकी चिंता उनमें शामिल नहीं है. उनके इस बयान को भारतीय रुपये का मजाक उड़ाने के तौर पर देखा गया था.
इससे पहले जुलाई 2025 में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर तनाव बढ़ने पर भी बेसेंट ने भारतीय नीतियों पर निशाना साधा था. उन्होंने भारत को 'टैरिफ का महाराजा' कहा था. उनका कहना था कि भारत अपनी व्यापारिक पाबंदियों को पसंद करता है, लेकिन अब जब अमेरिका ने उस पर भारी टैरिफ लगाए हैं तो उसे इसका असर महसूस हो रहा है.
ऐसे में भारत पर तंज कसने और ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने वाले बेसेंट अब खुद संभावित सुरक्षा खतरे के कारण चर्चा में हैं.