17 हजार फीट की ऊंचाई पर Indigo फ्लाइट पर गिरी बिजली! विमान की नोज क्षतिग्रस्त; लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो की फ्लाइट उस वक्त मुश्किल में फंस गई, जब उड़ान के दौरान विमान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई.

indigo-flight-lightning-strike-emergency-landing-lucknow-airport-weather
Image Source: Social Media

पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो की फ्लाइट उस वक्त मुश्किल में फंस गई, जब उड़ान के दौरान विमान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. घटना के बाद विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा और सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला किया. बताया जा रहा है कि जिस समय बिजली गिरी, विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था और उसमें 100 से ज्यादा यात्री सवार थे.

खराब मौसम के बीच विमान पर गिरी बिजली

लखनऊ और आसपास के इलाकों में मौसम खराब बना हुआ था. इसी दौरान अहमदाबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट पर आसमानी बिजली गिर गई. तेज झटके के बाद विमान के नोज एरिया को नुकसान पहुंचा. स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत फैसला लेते हुए विमान का रुख लखनऊ की ओर किया और उसे सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा गया.

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आकाशीय बिजली गिरने के बावजूद पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई. लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतारा गया और उन्हें आगे अहमदाबाद पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में यात्रियों के सुरक्षित होने की बात सामने आई है.

जून में भी इंडिगो विमान पर गिरी थी बिजली

इंडिगो के विमान पर आकाशीय बिजली गिरने की ऐसी घटना पहले भी सामने आ चुकी है. 20 जून को अगरतला जा रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई थी. इसके बाद विमान की कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी. उस समय भी विमान में सवार किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं थी.

141 यात्रियों और 6 क्रू मेंबर की थी मौजूदगी

जून की घटना में इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) एरोब्रिज 56L पर खड़ी थी, तभी उस पर बिजली गिर गई थी. घटना के बाद विमान के पावर सिस्टम पर असर पड़ा और बिजली चली गई. उस समय एयरबस A320 में 141 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे. एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से उतारकर बाद में A321 विमान (VT-ICD) से रवाना किया गया.

ग्राउंड स्टाफ के दो कर्मचारी भी हुए प्रभावित

इंडिगो के मुताबिक जून में हुई घटना के दौरान ग्राउंड स्टाफ के दो कर्मचारी भी आकाशीय बिजली की घटना से मामूली रूप से प्रभावित हुए थे. दोनों को एहतियात के तौर पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मेडिकल जांच के बाद उन्हें तुरंत छुट्टी दे दी गई. खराब मौसम और आकाशीय बिजली के बीच विमान संचालन को लेकर एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर की ओर से मौसम संबंधी अलर्ट भी जारी किए गए थे.

ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज! बारिश के साथ बढ़ेगी ठंड, 14 राज्यों में अलर्ट