नेतन्याहू के घर के पास मंडराया हिजबुल्लाह का ड्रोन, नईम कासिम की इजरायल को चुनौती- 'हम किसी भी हद तक...'

कासिम ने कहा कि हिज़बुल्लाह पहले की तुलना में अब ज्यादा मजबूत है, और उसने सुरक्षा के कुछ अहम पहलुओं को सुधारते हुए अपनी स्थिति को बेहतर किया है.

Hezbollah drone hovers near Netanyahu house Naeem Qasim challenges Israel
नेतन्याहू-कासिम | Photo: X/ANI

हिज़बुल्लाह के वरिष्ठ नेता नईम कासिम ने अल-मनार टीवी को दिए एक इंटरव्यू में संगठन की ताकत और भविष्य की रणनीतियों पर खुलकर बात की. कासिम ने कहा कि हिज़बुल्लाह पहले की तुलना में अब ज्यादा मजबूत है, और उसने सुरक्षा के कुछ अहम पहलुओं को सुधारते हुए अपनी स्थिति को बेहतर किया है. इस दौरान, कासिम ने इजरायल और अमेरिका को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि संगठन की लड़ाई की क्षमता अभी भी पहले जैसी मजबूत है.

इजरायल के साथ संघर्ष और युद्धविराम

कासिम ने इजरायल के साथ समझौते का जिक्र करते हुए कहा, "हमने गोलीबारी बंद करने का फैसला लिया था, लेकिन अगर इजरायल अपने सैन्य दल को लेबनान में बनाए रखता है, तो उसे इसका खामियाजा भुगतना होगा. हमारी लड़ाई की क्षमता आज भी बरकरार है, और हमें कमजोर समझने की गलती नहीं करनी चाहिए." कासिम ने इजरायल को चेताते हुए कहा कि अगर संघर्ष फिर से भड़कता है, तो हिज़बुल्लाह किसी भी हद तक जाएगा.

कासिम ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कैसरिया स्थित आवास पर हुए ड्रोन हमले का हवाला दिया, जिसे हिज़बुल्लाह की ताकत का प्रतीक माना जा सकता है. उन्होंने कहा, "यह हमला इस बात का प्रमाण है कि हमारी लड़ाई की क्षमता आज भी उतनी ही मजबूत है. हम किसी भी दुश्मन के खिलाफ अपने कदम उठाने के लिए तैयार हैं."

हिज़बुल्लाह के लड़ाकों को संबोधित करते हुए कासिम ने उनके साहस और प्रतिबद्धता की सराहना की. उन्होंने कहा, "आप हमेशा अपने सिर को ऊंचा रखें, क्योंकि आप नसरल्लाह के बेटे हैं. उनकी मौत को हम एक विजय के रूप में मानते हैं और हम अंतिम सांस तक लड़ाई जारी रखेंगे." कासिम ने हिज़बुल्लाह की मौजूदा स्थिति और भविष्य की रणनीतियों पर भी बात की, और कहा कि संगठन अभी नए सिरे से अपनी रणनीतियों पर काम कर रहा है ताकि आने वाले समय में और भी मजबूत तरीके से मुकाबला किया जा सके.

ईरान का समर्थन और अमेरिकी हस्तक्षेप पर आरोप

कासिम ने इस अवसर पर ईरान की भूमिका की भी सराहना की, जो हिज़बुल्लाह का एक मजबूत सहयोगी है. कासिम ने लेबनान और ईरान के बीच उड़ानें फिर से शुरू करने का आह्वान किया, ताकि दोनों देशों के रिश्ते और भी मजबूत हों. इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका पर लेबनान के मामलों में हस्तक्षेप करने का आरोप भी लगाया. कासिम ने कहा, "हम इस पर काम कर रहे हैं कि अमेरिकी हस्तक्षेप से कैसे निपटा जाए, ताकि हमारी स्वायत्तता पर कोई आंच न आए."

ये भी पढ़ेंः Weather Update: आसमान से बरसेगी 'आफत', किसानों के लिए बढ़ सकती है मुसीबत; इन 4 राज्यों के लिए IMD का अलर्ट