कहीं घर गिरे, कहीं पेड़... कई राज्यों में भारी बारिश का तांडव! UP में 15 मौतें, ओडिशा में बिगड़े हालात

Weather Update: सितंबर के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव ने जनजीवन को प्रभावित किया है.

heavy-rain-alert-up-north-india-floods-weather
Image Source: Social Media

Weather Update: सितंबर के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव ने जनजीवन को प्रभावित किया है. उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 60 घंटे से जारी बारिश के बीच 63 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है. राज्य सरकार के अनुसार, बीते 48 घंटे में बारिश और आंधी-तूफान से 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और पांच लोग घायल हुए हैं.

यूपी में बारिश से बिगड़े हालात, राहत कार्य तेज

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के चलते जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है. हालात को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है. राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिलने और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज, क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का सर्वे कराने तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं. प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.

यूपी में सामान्य से 19 गुना ज्यादा बारिश

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई. फर्रुखाबाद में सामान्य से करीब 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात व हरदोई में करीब 130 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ समेत कई जिलों में भी भारी बारिश हुई है. लगातार बारिश के कारण शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की समस्या सामने आई है.

बारिश और आंधी ने ली 15 लोगों की जान

बारिश और तेज हवाओं के कारण अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. अयोध्या में दो और लखीमपुर खीरी में चार लोगों की जान जाने की सूचना है. भारी बारिश के बीच कई जगह कच्चे मकानों और दीवारों के गिरने से हादसे हुए हैं. बांदा में 32, जालौन में 21, हरदोई में 14 और औरैया व पीलीभीत में सात-सात मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है. राज्य में चार पशुओं की मौत की भी सूचना है.

पूर्वी यूपी में बाढ़ का खतरा बढ़ा

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों की चिंता बढ़ा दी है. नेपाल से आने वाले पानी के कारण कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका है. इसे देखते हुए राहत आयुक्त ने संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने और बाढ़ राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं.

प्रशासन को नदियों के जलस्तर, तटबंधों और निचले इलाकों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है. संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

बिहार में भी नदियों के बढ़ते जलस्तर पर नजर

नेपाल में हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी पड़ सकता है. राज्य सरकार ने गंडक, बागमती और कोसी नदी से जुड़े जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को नदियों के जलस्तर के साथ-साथ तटबंधों, निचले इलाकों, नदी किनारे बसे गांवों और पुलों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है.

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा रोकी गई

उत्तराखंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट है.

खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.

छत्तीसगढ़ में रेलवे ट्रैक पर जलभराव

छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का असर रेल यातायात पर पड़ा है. दुर्ग-दल्लीराजहरा रेल खंड में लताबोड़ और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच जलभराव के साथ रेलवे ट्रैक धंसने की सूचना मिली है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रेन परिचालन में अस्थायी बदलाव किए हैं. यह रेल खंड दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अंतर्गत आता है. अधिकारियों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

दिल्ली-हरियाणा से बिहार तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है.

कई इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है. हरियाणा और दिल्ली में 27 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश, जबकि पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.

ओडिशा में नदियां उफान पर, हजारों लोग प्रभावित

ओडिशा में पिछले कई दिनों से जारी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. हीराकुड बांध से महानदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए 16 गेट खोले गए हैं. राज्य सरकार ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान शुरू किया है.

बालासोर, भद्रक, जाजपुर, कालाहांडी, कोरापुट, नबरंगपुर, मलकानगिरी, क्योंझर और जगतसिंहपुर जिलों में अचानक बाढ़ की स्थिति की खबर है. बालासोर में नदियों के उफान के कारण बड़े इलाके में पानी भर गया है. यहां 91 गांवों के करीब 14,660 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 3,268 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

अगले 24 से 36 घंटे बेहद अहम

मौसम विभाग और राज्य प्रशासन की चेतावनियों के बीच अगले 24 से 36 घंटे कई इलाकों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में प्रशासन अलर्ट है, जबकि बिहार में नेपाल से आने वाले पानी और नदियों के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है.

उत्तर प्रदेश सरकार ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय एडवाइजरी का पालन करने को कहा है. किसी भी आपदा की स्थिति में राहत हेल्पलाइन 1070 पर सूचना देने की अपील की गई है.

ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: 27 सितंबर को बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, UP-दिल्ली समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट