Gold-Silver Price: सोने के भाव में लगातार दूसरे दिन गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती; 2 दिन में इतने गिरे दाम

Gold-Silver Price: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है.

gold-silver-prices-fall-rupee-strengthens-delhi-market-today
Image Source: Social Media

Gold-Silver Price: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है. रुपये की मजबूती का असर घरेलू सराफा बाजार पर दिखाई दिया, जिससे सोना 400 रुपये सस्ता होकर 1,52,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं, चांदी की कीमत में भी 500 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई है. 

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव सभी टैक्स सहित घटकर 1,52,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि सोमवार को यह 1,53,000 रुपये था. चांदी भी 2,26,500 रुपये से फिसलकर 2,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत 1,800 रुपये और चांदी की कीमत 2,500 रुपये तक घट चुकी है.

रुपये की मजबूती से सोने-चांदी पर क्यों पड़ा असर?

सोने और चांदी की घरेलू कीमतों में गिरावट की एक प्रमुख वजह भारतीय रुपये का मजबूत होना है. मंगलवार को रुपया लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.38 पर बंद हुआ. इसमें 40 पैसे की तेजी दर्ज की गई. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के उपायों से भी रुपये को समर्थन मिला है. इन कदमों का उद्देश्य स्पॉट बाजार में डॉलर की मांग घटाना और विदेशी मुद्रा बाजार में अत्यधिक पोजीशनिंग पर अंकुश लगाना है. 

HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, पिछले दो कारोबारी सत्रों में रुपये में 1.5 प्रतिशत से अधिक की मजबूती आई है. चूंकि भारत सोने और चांदी का बड़े पैमाने पर आयात करता है, इसलिए रुपया मजबूत होने पर इन धातुओं को खरीदने की लागत कम हो सकती है. इसका असर घरेलू बाजार में कीमतों पर भी पड़ता है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी किस भाव पर कारोबार कर रहे हैं?

घरेलू बाजार में गिरावट के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत में मामूली तेजी देखने को मिली. स्पॉट गोल्ड बढ़त के साथ 4,184.73 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी का भाव लगभग स्थिर रहकर 60.33 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ था. 

ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म Lemonn के रिसर्च हेड गौरव गर्ग के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में मजबूती के बावजूद विदेशी बाजारों में सोना और चांदी अपनी बढ़त बनाए हुए हैं. हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता की वजह से कीमती धातुओं की तेजी पर दबाव पड़ सकता है. ऐसे में घरेलू बाजार में रुपये की चाल और अंतरराष्ट्रीय कीमतों के बीच का अंतर सोने-चांदी के भाव को प्रभावित करने वाला अहम कारक बना रहेगा.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

सोने-चांदी के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर भी कारोबारियों की नजर बनी हुई है. मिरे एसेट शेरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह के मुताबिक, रूस से डीजल की अतिरिक्त आपूर्ति की संभावनाओं का आकलन किए जाने के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई. हालांकि, इस अतिरिक्त आपूर्ति से वैश्विक डीजल की कमी पूरी होने की संभावना कम मानी जा रही है. 

आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा रुपये की मजबूती, डॉलर की चाल, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगी. ऐसे में खरीदारी करने वालों के लिए यह समझना जरूरी है कि लगातार दो दिन की गिरावट के बावजूद कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. ध्यान दें कि यहां दिए गए भाव दिल्ली के हैं और स्थानीय टैक्स, मेकिंग चार्ज तथा ज्वेलरी की शुद्धता के अनुसार खरीदारी की अंतिम कीमत अलग हो सकती है.

ये भी पढ़ें: Dollar के सामने रुपये की दहाड़! लगातार तीसरे दिन चमका, 3 दिन में इतनी बढ़ी ताकत