Gold Price: सोने की चमक पड़ी फीकी! लगातार दूसरे दिन ₹700 सस्ता हुआ Gold, जानें नया भाव

Gold Price: सोने की कीमतों में तेजी के बाद अब लगातार दूसरे दिन नरमी देखने को मिली है. बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 700 रुपये टूटकर 1,48,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया.

gold-price-falls-second-day-delhi-market-global-cues
Image Source: Social Media

Gold Price: सोने की कीमतों में तेजी के बाद अब लगातार दूसरे दिन नरमी देखने को मिली है. बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 700 रुपये टूटकर 1,48,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. मंगलवार को इसका भाव 1,49,600 रुपये था. इससे पहले 29 सितंबर को सोना 1,48,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था. यानी पिछले दो कारोबारी दिनों में सोने की कीमत में कुल 900 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है.

कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बनाया दबाव

HDFC Securities के कमोडिटीज सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर रुझान और घरेलू रिटेल मांग में कमी ने सोने की कीमतों पर दबाव बनाया. पश्चिम एशिया में तनाव के बीच सप्लाई को लेकर बढ़ी चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल भी सोने के लिए नकारात्मक रहा. हालांकि, रुपये में कमजोरी ने गिरावट को कुछ हद तक सीमित किया. बुधवार को रुपया 43 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले 96.78 के अस्थायी स्तर पर बंद हुआ. वहीं चांदी लगातार तीसरे दिन 2.27 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही.

विदेशी बाजार में भी सोना-चांदी लुढ़के

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 47.42 डॉलर यानी 1.14 प्रतिशत गिरकर 4,116.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. चांदी भी 2.26 प्रतिशत फिसलकर करीब तीन महीने के निचले स्तर 59.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. Mudrex के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के अनुसार, सोना करीब 4,120 डॉलर और चांदी 60 डॉलर के आसपास कारोबार कर रही है. बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स पर है, जिनसे आगे की ब्याज दर नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं. मजबूत डॉलर भी सोने की कीमतों पर दबाव बनाए हुए है.

RBI के फैसले से भी बाजार की दिशा पर नजर

ब्याज दरों के मोर्चे पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बेंचमार्क ब्याज दर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया है. यह करीब चार साल में पहली बढ़ोतरी है. मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की चीफ इकोनॉमिस्ट राधिका पिपलानी के मुताबिक, RBI ने अपना रुख ‘न्यूट्रल’ से बदलकर ‘कैलिब्रेटेड टाइटनिंग’ कर लिया है. उनका अनुमान है कि इस साइकिल में कुल 75 बेसिस पॉइंट की और सख्ती हो सकती है, जिससे रेपो रेट 6.25 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में सोने की कीमतों पर ग्लोबल बाजार, डॉलर और ब्याज दरों के रुख का असर देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें: RBI ने बढ़ाया रेपो रेट, अब महंगा होगा लोन! 50 लाख की EMI पर पड़ेगा सीधा असर