Delhi School Bomb Threat: दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है. शुक्रवार को एक बार फिर राजधानी के दो स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और पुलिस, दमकल विभाग तथा बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई.
ईमेल के जरिए मिली बम की धमकी
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को हुमायूं रोड स्थित एसपीवी और आरएस जूनियर मॉडर्न स्कूल को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई. स्कूल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित एजेंसियों को दी. धमकी की खबर फैलते ही स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर खाली कराने की कार्रवाई की गई.
पुलिस और बम स्क्वॉड ने चलाया तलाशी अभियान
सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें स्कूलों में पहुंचीं. सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली. इस दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाश के लिए स्कूल के कमरों, आसपास के हिस्सों और अन्य स्थानों की जांच की गई. एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई.
जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद दोनों स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद धमकी को हॉक्स यानी फर्जी धमकी करार दिया गया. हालांकि, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी भरा ईमेल कहां से और किसने भेजा था. राजधानी के स्कूलों को लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- 'विराट कोहली जैसे लोगों की मदद क्यों नहीं लेते?'