BPSC: 4 वर्ष की उम्र में उठ गया पिता का साया तो छोटी बहन ने फर्ज निभाया, ट्यूशन पढ़ा बड़ी बहन को बनाया APO

BPSC 68th Mains Result वेबसाइट पर सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है. इसमें पश्चिमी चंपारण की निकिता ने भी सफलता हासिल की है.

BPSC: 4 वर्ष की उम्र में उठ गया पिता का साया तो छोटी बहन ने फर्ज निभाया, ट्यूशन पढ़ा बड़ी बहन को बनाया APO

पश्चिम चंपारण, न्यूज डेस्क: बिहार लोक सेवा आयोग (Bihar Public Service Commission) यानी बीपीएससी ने 68वीं मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम सोमवार की देर शाम जारी कर दिया. बीपीएससी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में कुल 867 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जबकि कुल 3,590 ने परीक्षा दी थी. सफल उम्मीदवार बीपीएससी की आधिकारिक www.bpsc.nic.in वेबसाइट जाकर पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं.  

छोटी बहन ने पढ़ाया

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा शहर के नरईपुर निवासी स्वर्गीय रामचन्द्र साह की बेटी निकिता का भी चयन सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) पद पर हो गया है. इससे मोहल्ले भर में खुशी का माहौल है. घर पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है. छोटी उम्र में ही पिता का साया उठ गया तो उसकी छोटी बहन विभा और अन्य सदस्यों ने सहयोग कर उसे बेहतर शिक्षा दी.  जिसका नतीजा यह हुआ कि निकिता का चयन बीपीएससी से सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) पद पर हो गया.है.

निकिता की इस सफलता पर उनके परिजन भी शामिल हुए आसपास के लोगों में खुशी है. निकिता की छोटी बहन ट्यूटन पढ़ाकर घर का गुजारा करने में मदद करती हैं और बड़ी बहन निकिता को एपीओ बनाने में उनका अहम योगदान है.

चार वर्ष की उम्र में खोया पिता, परिवार ने दिया हौसला

 बता दें कि निकिता जब चार साल की थी  तभी उनके पिता का निधन हो गया.  ऐसे में मां ललिता ने कड़ी मेहनत कर सात लड़कियों का पालन-पोषण किया. इनमें निकिता छठे नंबर पर हैं.  सफलता पर निकिता ने बताया कि  उनकी प्रारंभिक शिक्षा शहर के नरईपुर में हुई है. इसके बाद निकिता ने लॉ कॉलेज मुजफ्फरपुर से ग्रेजुएशन किया.

इलाहाबाद से की तैयारी

पांच साल तक बीए-एलएलबी की पढ़ाई की.  इसके बाद छोटी बहन विभा और चचेरे भतीजे दीपक की मदद से न्यायिक परीक्षा की तैयारी के लिए इलाहाबाद पहुंचे.  यहां छह साल की कड़ी मेहनत के बाद 2023 में निकिता ने बीपीएससी द्वारा आयोजित आईपीओ में भाग लिया और परीक्षा पास की. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के लोगों को दिया. साथ में मां, छोटी बहन विभा, चचेरे भतीजे दीपक समेत सभी बहनों और जीजाजी को भी दे दिया. 

रिपोर्ट: राकेश कुमार सोनी