देहरादून, न्यूज डेस्क: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. लोग सुबह और शाम इससे बचने के लिए अलाव (Uttarakhand Weather Today) का सहारा ले रहे हैं. वहीं दिन के समय धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है. मैदानी क्षेत्रों की बात करें तो कोहरा लगने से विजिबिलिटी कम हो गई है. जिससे गाड़ी चलाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में आज (सोमवार) को घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं. हालांकि, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने वाला है.
तापमान में गिरावट दर्ज की गई
उत्तराखंड में सुबह-शाम के समय शीतलहरें चलने से लोगों को ठंड महसूस हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, शीतलहर के कारण तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. रविवार को भी देहरादून में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 23.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था. वहीं सीएचसी चकराता में ठंड की वजह से अस्पतालों में सर्दी,खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं. ऐसे में डाक्टरों की सलाह है कि ज्यादा से ज्यादा अपने आप को ठंड से बचाकर रखें.
चमोली मे लगातार ठंड में इजाफा
पहाड़ों में लगातार ठंड में इजाफा होता जा रहा है. जिसकी वजह से जगह-जगह पानी जमना शुरू हो गया है. वहीं मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो उत्तर भारत के राज्यों में भी ठिठुरन बढ़ने लगी है. दिल्ली में बीते शनिवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह रिकॉर्ड की गई थी. वहीं उत्तरी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय में आज 11 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा रहने की संभावना है.