महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तारीखों का ऐलान, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे

    चुनाव आयोग के अनुसार महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे, वहीं झारखंड में वोटर्स की संख्या 2.6 करोड़ है.

    महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तारीखों का ऐलान, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे
    नई दिल्ली के विज्ञान भवन में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तारीखों के ऐलान के दौरान | Photo- ANI

    नई दिल्ली : भारतीय चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है. महाराष्ट्र में एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होंगे और झारखंड में 2 चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को मतदान होंगे. दोनों विधानसभा चुनावों के नतीजे एक साथ 23 नवंबर को आएंगे.

    महाराष्ट्र की कुल 288 सीटों पर चुनाव होंगे. झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटों पर. 

    महाराष्ट्र और झारखंड में मतदाताओं की संख्या

    चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में वोटर्स की संख्या बताई है. जहां महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे, वहीं झारखंड में वोटर को संख्या 2.6 करोड़ है.

    महाराष्ट्र में कुल मतदाता और 288 सीटों पर मतदान

    महाराष्ट्र में कुल 36 जिलों की 288 सीटों पर एक ही फेज में 20 नवंबर को मतदान होगा. यहां 234 सीटें सामान्य हैं और एसटी की 25 सीटें, एससी की 29 सीटें हैं. महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है. 

    राज्य में कुल 9.63 करोड़ मतदाताओं में से पुरुष मतदाता 4.97 करोड़ और महिला मतदाता 4.66  करोड़ हैं. वहीं युवा मतदाता 1.85 करोड़ हैं और पहली बार वोट डालने वालों की संख्या 20.13 लाख है. इनकी उम्र 18-19 साल के बीच है. 

    दिव्यांग मतदातओं की संख्या 6.36 लाख है. 100 की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 47,776 है. 85 साल और उसके ऊपर की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 12.43 लाख है. 6031 ट्रांस जेंडर मतदाता हैं.

    महाराष्ट्र चुनाव के लिए कुल पोलिंग स्टेशन की संख्या

    महाराष्ट्र चुनाव के लिए कुल पोलिंग स्टेशन की संख्या 1 लाख 186 हजार है. कुल लोकेशंस 52 हजार 789 हैं. शहर में 42 हजार 604 पोलिंग स्टेशन होंगे. ग्रामीण इलाकों में 57 हजार 582 पोलिंग बूथ होंगे. सभी बूथों पर औसत मतदाता 960 हैं. 299 बूथों को दिव्यांग लोग मैनेज करेंगे, जबकि 388 बूथ महिलाएं. 530 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे.  

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के शेड्यूलिंग इस तरह है

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 22 अक्टूबर 2024 को जारी होगा. नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर 2024 होगी. इन नामांकनों की जांच-पड़ताल 30 अक्टूबर 2024 तक होगी. नाम वापस लेने की तारीख 4 नवंबर 2024 तक होगी. मतदान बुधवार, 20 नवंबर 2024 को होंगे. वोटों की गिनती 23 नवंबर 2024 को होगी.  

    झारखंड चुनाव के लिए बनने वाले पोलिंग बूथ

    झारखंड के कुल 24 जिलों में 81 विधानसभा सीटें हैं. इसमें सामान्य सीटें 44, एसटी सीट-28 और एससी सीट-9 हैं. झारखंड में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं. इसमें पुरुष मतदाता 1.31 करोड़, महिला मतदाता 1.29 करोड़ हैं. 18-19 साल के पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है. 66.84 युवा मतदाता हैं, जिनकी उम्र 20 से 29 साल है. 

    यहां कुल दिव्यांग मतदाता 3.67 लाख है. 100 साल की उम्र वाले 1706 मतदाता हैं. थर्ड जेंडर मतदाता 448 हैं. 85 और उससे ऊपर वाले मतदाताओं की संख्या 1.14 लाख है. 

    झारखंड में कुल 29 हजार 562 पोलिंग बूथ होंगे. ये 20 हजार 281 जगहों पर मौजूद होंगे. शहरी इलाके में 5,042 बूथ और ग्रामीण इलाकों में 24,520 बूथ बनाए जाएंगे. यहां हर बूथ पर औसतन 881 मतदाता होंगे. यहां 48 बूथों को दिव्यांग मैनेज करेंगे, जबकि 1271 बूथ महिलाएं. यहां 139 बूथ युवा मैनेज करेंगे. 

    झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों की ये है शेड्यूलिंग

    वहीं, झारखंड में 18 अक्टूबर को पहले फेज की 43 सीटों के लिए नोटिफिकेशन जारी होगा, जबकि दूसरे फेज की 38 सीटों के लिए नोटिफिकेशन 22 अक्टूबर 2024 को जारी होगा.

    पहले फेज में नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर 2024 है और दूसरे फेज के लिए 29 अक्टूबर 2024 है. पहले फेज के लिए नामांकन की जांच 28 अक्टूबर और दूसरे फेज के लिए 30 अक्टूबर को होगी. नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2024 है. 

    झारखंड में कम सीटें, फिर भी दो चरण में मतदान की बताई वजह

    चुनाव आयोग ने कम सीटों वाले झारखंड में दो चरणों में मतदान कराने की घोषणा की है. आयोग ने कहा है कि झारखंड में नक्सलवाद समेत कई अन्य  समस्याएं हैं, इसलिए यहां 2 चरणों में चुनाव कराए जाएंगे.

    चुनाव आयोग ने साथ में उपचुनावों की तारीखों का भी किया ऐलान

    इस दौरान चुनाव आयोग ने साथा में होने वाले उपचुनावों की तारीखों का भी ऐलान किया है. कुल 50 सीटों पर उपचुनाव होंगे. इनमें से 47 एसीज हैं और केरल की 1 पीसी शामिल है. इसके अलावा 1 एसी उत्तराखंड और 1 महाराष्ट्र की शामिल है. 

    47 सीटों और केरल की 1 सीट पर उपचुनाव के लिए लिए नोटिफिकेशन 18 अक्टूबर 2024 को जारी होंगे, जबकि उत्तराखंड और महाराष्ट्र के लिए 1-1 सीट पर 22 अक्टूबर को.

    47 सीटों के लिए और केरल की 1 सीट के लिए नामांकन की आखिरी तरीख 25 अक्टूबर 2024 होगी और उत्तराखंड व महाराष्ट्र की 1-1 सीटों की ले लिए नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर 2024 होगी. 47 सीटों और केरल की 1 सीट के लिए नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर 2024 और उत्तराखंड व महाराष्ट्र के लिए 4 नवंबर होगी. 

    47 सीटें और केरल की 1 सीट पर चुनाव 13 नवंबर 2024 को और महाराष्ट्र व उत्तराखंड की 1-1 सीट पर उपचुनाव 20 नवंबर को होंगे और नतीजे 23 नवंबर को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ घोषित होंगे. 

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने जेके, हरियाणा चुनाव के लिए मतदाताओं की तारीफ की

    इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं को चुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा है कि जम्मू कश्मीर की आवाम ने जम्हूरियत की जश्न को ऐतिहासिक बना दिया.

    उन्होंने कहा, "मैं जम्मू-कश्मीर और हरियाणा चुनाव को लेकर मतदाताओं को शुक्रिया और धन्यवाद देना चाहता हूं. भारत हर चुनाव में गोल्ड स्टैंडर्ड सेट कर रहा है. जम्मू-कश्मीर ने जो नींव लोकसभा चुनाव में बनाई थी, उसने विधानसभा में उस पर मजबूत इमारत खड़ी की. दोनों राज्यों में कहीं पर भी फिर से मतदान नहीं कराना पड़ा. ये सब बिना हिंसा के हुए. 

    भारत