केरल के वायनाड से राहुल गांधी के सामने CPI प्रत्याशी एनी राजा ने किया नामांकन, INDIA गठबंधन में शामिल है पार्टी

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सीपीआई की एनी राजा देंगी टक्कर, दोनों पार्टियां INDIA गठबंधन की हिस्सा हैं. BJP से के सुरेंद्रन मैदान में हैं.

केरल के वायनाड से राहुल गांधी के सामने CPI प्रत्याशी एनी राजा ने किया नामांकन, INDIA गठबंधन में शामिल है पार्टी
वायनाड में नामांकन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सीपीआई नेता एनी राजा और बीजेपी नेता के सुरेंद्रन | फोटो- सोशल मीडिया

वायनाड (केरल): वायनडा से कांग्रेस पार्टी के मौजूदा सांसद और उम्मीदवार राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना नामांकन दाखिल किया. उनके साथ इस दौरान उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं. अपना नामांकन दाखिल करने के बाद, राहुल गांधी ने वायनाड में चुनाव प्रचार किया. उन्होंने कहा कि मैं आपके साथ अपने परिवार की तरह व्यवहार करता हूं, महज एक मतदाता मानकर नहीं.

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने इस सीट से एनी राजा को और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने राज्य इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन को यहां से मैदान में उतारा है.

राहुल गांधी ने कहा, "यह चुनाव लोकतंत्र और भारत के संविधान की लड़ाई के लिए है. एक तरफ ऐसी ताकतें हैं जो इस देश के लोकतंत्र और इस देश के संविधान को नष्ट करना चाहती हैं और दूसरी तरफ, एक ताकत है जो संविधान की रक्षा कर रही है और हमारे देश की लोकतांत्रिक प्रकृति की रक्षा कर रही है. यह आप सभी को बहुत स्पष्ट है कि कौन किस तरफ है. यह बहुत साफ है कि कौन संविधान पर हमला कर रहा है, कौन इस देश की लोकतांत्रिक संरचना पर हमला कर रहा है."

कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पिछले आम चुनाव में उन्हें इस चुनाव क्षेत्र से एक संसद सदस्य के रूप में चुनने और उनके प्यार के लिए उनके प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें वहां के लोगों का प्यार मिला है.

यह भी पढे़ं : Lok Sabha Election 2024: महाराष्ट्र BJP को बड़ा झटका, शिवसेना (UBT) में शामिल हुए उन्मेश पाटील

'वह जैसा व्यवहार अपनी बहन के साथ करते हैं वैसा ही आपके साथ'

लोकसभा चुनाव के लिए वायनाड से अपना नामांकन दाखिल करने से पहले एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ उसी तरह व्यवहार करते हैं जैसे वह अपनी छोटी बहन प्रियंका गांधी के साथ करते हैं.

राहुल गांधी ने कहा, "आपका संसद सदस्य होना मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं आपको एक मतदाता मानकर आपके साथ व्यवहार नहीं करता, मैं ऐसा नहीं सोचता. मैं आपके साथ वैसा ही व्यवहार करता हूं और आपके बारे में सोचता हूं जैसे मैं अपनी छोटी बहन प्रियंका के बारे में सोचता हूं. इसलिए मैं मानता हूं कि वायनाड के घरों में, मेरी बहनें, मां, पिता और भाई हैं. और इसके लिए मैं आपको तहे दिल से धन्यवाद देता हूं.''

उन्होंने कहा कि वह वायनाड के मुद्दों को देश और दुनिया के सामने लाने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं.

"यहां मानव-पशु संघर्ष का मसला है, मेडिकल कॉलेज का मुद्दा है. मैं इस लड़ाई में वायनाड के लोगों के साथ खड़ा हूं. हमने मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की है, मैंने सीएम को पत्र लिखा है. लेकिन दुर्भाग्य से, वे आगे नहीं बढ़े हैं. मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि अगर दिल्ली में हमारी सरकार आती है और जब केरल में हमारी सरकार बनेगी, तो हम दोनों इसे करेंगे, हम इन मुद्दों को हल करेंगे."

कांग्रेस नेता ने कहा, "मैं सिर्फ एक राजनीतिक भाषण नहीं दे रहा हूं. लोगों ने अपनी पार्टियों, समुदायों, उम्र की परवाह किए बिना, यहां के हर एक व्यक्ति ने मुझे प्यार, स्नेह, सम्मान दिया और मुझे अपना माना है."

इससे पहले, राहुल गांधी ने निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो किया, हजारों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक रोड शो में शामिल हुए.

कांग्रेस नेता के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी और एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल और दीपा दासमुंशी के साथ-साथ राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन और केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष एमएम हसन भी थे.

वायनाड से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की लोकसभा उम्मीदवार एनी राजा ने भी बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया.

सीपीआई केरल में सत्तारूढ़ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे में शामिल है.

जबकि सीपीआई और कांग्रेस, INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, दोनों पार्टियां केरल में प्रबल दावेदारी रखती हैं और दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ अपने सबसे मजबूत उम्मीदवार उतारी हैं.

2019 के लोकसभा चुनावों में, राहुल गांधी ने वायनाड से 4.31 लाख से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी; जो केरल में 2019 के लोकसभा चुनाव का सबसे ज्यादा अंतर वाली जीत है. उन्होंने एलडीएफ उम्मीदवार पीपी सुनीर को हराकर 64.94 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया था. एनडीए ने बीडीजे (एस) नेता तुषार वेल्लापल्ली को मैदान में उतारा था, जिन्होंने लगभग 78,000 वोट हासिल किए, जो कि महज 7.25 फीसदी था.

लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने 20 में से 19 सीटें जीती थीं. जबकि कांग्रेस ने 15 सीटें, उसके सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 2 सीटें जीतीं थीं, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी ने एक और केरल कांग्रेस (एम) ने एक सीट जीती थी.

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने अलाप्पुझा में एक सीट जीती थी. 

सीपीआई उम्मीदवार एनी राजा ने भी दाखिल किया नामांकन

वायनाड से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की उम्मीदवार एनी राजा ने बुधवार को कांग्रेस के मौजूदा सांसद और उम्मीदवार राहुल गांधी के खिलाफ अपना नामांकन दाखिल किया.

नामांकन दाखिल करने से पहले राजा ने भी निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो भी किया.

राजा ने रोड शो में हिस्सा लेने के कहा, "आप एलडीएफ कार्यकर्ताओं और कैडरों और आम जनता को देख सकते हैं. हम सभी खुश हैं कि आज नामांकन दाखिल करने का एक बहुत ही अहम दिन है."

एनी राजा बोलीं- राहुल का क्या होगा, मुझे इसकी चिंता नहीं

वायनाड से कांग्रेस पार्टी के प्रमुख उम्मीदवार राहुल गांधी के बारे में बोलते हुए, राजा ने कहा कि वह उनके किस्मत को लेकर चिंतित नहीं हैं और केवल राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी पार्टी के रुख के बारे में लोगों को तक पहुंच रही हैं.

सीपीआई उम्मीदवार ने कहा, "मैं वाम मोर्चे के उम्मीदवार के रूप में यहां जीतने के लिए चुनाव लड़ रही हूं. मुझे इसकी परवाह नहीं है कि उनका (राहुल)
का क्या होगा. हम यहां हैं, हम लोगों तक पहुंच रहे हैं. हम बता रहे हैं उन्हें कि, हमारी राजनीति क्या है, सभी राष्ट्रीय मुद्दों पर हमारी स्थिति, फासीवाद का प्रश्न,
संघ परिवार... लोग जो प्रतिक्रिया दे रहे हैं हमारा उस पर विश्वास है. हम यहां चुनाव लड़ने और जीतने के लिए हैं..."

राहुल गांधी की तरफ वायनाड की कथित उपेक्षा की शिकायत करते हुए राजा ने कहा, ''लोग मेरे पास आ रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने पिछले चुनाव से पहले उस चुनाव चिह्न (कांग्रेस पार्टी) को कभी वोट नहीं दिया, लेकिन उन्हें बताया गया कि वह प्रधानमंत्री बनेंगे. उन्होंने उन्हें वोट दिया, लेकिन क्या हुआ?"

उन्होंने जोर देकर कहा, "वायनाड नाम में मलयालम में केवल चार अक्षर हैं. पांच वर्षों में, उन्होंने एक बार भी अपने निर्वाचन क्षेत्र का नाम नहीं बोला है."

2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को वायनाड से 64.7 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 706,367 वोट मिले थे. दूसरे नंबर पर रहे सीपीआई उम्मीदवार पीपी सुनीर को 25.1 फीसदी वोट शेयर के साथ 274,597 वोट मिले थे.

यह भी पढ़ें-  संजय राउत का बड़ा दावा, उन्मेश पाटील अपने साथियों के साथ BJP छोड़ शिवसेना(UBT) होंगे शामिल