
Rashami Desai: रश्मि देसाई ने टीवी सीरियल्स से लेकर रियलिटी शोज तक में काम कर अपनी अलग पहचान बनाई. मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई और आज टीवी की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं.

13 फरवरी 1986 को असम के नगांव में जन्मी रश्मि देसाई का बचपन आसान नहीं रहा. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा और कम उम्र में ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया.

रश्मि देसाई ने महज 17 साल की उम्र में असमिया फिल्म कन्यादान से एक्टिंग डेब्यू किया. इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में भी काम किया और 2005 में आई फिल्म कब होई गवना हमार को नेशनल अवॉर्ड मिलना उनके करियर के लिए बड़ा मोड़ साबित हुआ.

रश्मि को असली स्टारडम कलर्स टीवी के सुपरहिट शो उतरन से मिला. इस शो ने उन्हें छोटे पर्दे की बड़ी अदाकारा बना दिया. इसके बाद वह लंबे समय तक टीवी इंडस्ट्री में टॉप एक्ट्रेसेस में गिनी जाती रहीं.

आज रश्मि देसाई एक मशहूर और दौलतमंद एक्ट्रेस हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा और वे लगभग दिवालिया हो गई थीं. निजी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव झेलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खुद को दोबारा मजबूती से खड़ा किया.