सोशल मीडिया पर 'कच्चा बादाम' गाने से मशहूर हुईं अंजलि अरोड़ा कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान नाराज हो गईं. 15 अक्टूबर को मोतीझील के लाजपत भवन में आयोजित नगाड़ा नाइट डांडिया में वह कुछ ही मिनट तक परफॉर्म कर पाईं और फिर मंच छोड़कर चली गईं. इस दौरान उन्होंने भीड़ को संभालने और कार्यक्रम की व्यवस्था पर सवाल उठाए. डीजे पर उनका चर्चित गाना 'कच्चा बादाम' बजने के बाद भी वह भड़क गईं. अंजलि ने आयोजकों को मंच पर बुलाने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह के इंतजाम होंगे तो कानपुर में कोई कलाकार नहीं आएगा. उनके अचानक कार्यक्रम छोड़ने से वहां मौजूद दर्शक निराश हो गए. फिलहाल इस मामले पर आयोजकों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
देर से मंच पर पहुंचीं अंजलि, दर्शक करते रहे इंतजार
15 अक्टूबर को हुए इस डांडिया कार्यक्रम में अंजलि अरोड़ा की प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. कार्यक्रम शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुआ, जबकि अंजलि रात लगभग 9:52 बजे मंच पर आईं. काफी देर तक इंतजार करने के बाद दर्शकों को उनकी परफॉर्मेंस का मौका मिला. शुरुआत में अंजलि ने कानपुर के लोगों का अभिवादन किया और फिल्म 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' के गाने 'नगाड़ा संग ढोल बाजे' पर डांस किया. हालांकि, कुछ ही देर बाद वह कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताने लगीं.
भीड़ और सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
मंच पर प्रस्तुति के दौरान अंजलि ने माइक लेकर दर्शकों की तरफ इशारा किया और भीड़ को संभालने के इंतजाम पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोगों का ठीक से ध्यान नहीं रखा जा रहा है और भीड़ में किसी को चोट भी लगी है. उन्होंने आयोजकों से दर्शकों की सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा. इसके बाद उन्होंने फिर से डांस शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उनका गुस्सा एक बार फिर सामने आ गया.
'कच्चा बादाम' बजते ही रोका डांस, आयोजकों को बुलाने की मांग
डीजे पर जैसे ही अंजलि का चर्चित गाना 'कच्चा बादाम' बजा, उन्होंने डांस रोक दिया और डीजे की ओर बढ़ गईं. इसके बाद उन्होंने माइक पर अपनी नाराजगी जाहिर की. अंजलि ने कहा कि इस तरह के इंतजाम के साथ कानपुर में कोई कलाकार नहीं आएगा. उन्होंने आयोजकों को बुलाने के लिए कहा और सवाल किया कि क्या उन्हें कलाकारों की इज्जत करना नहीं आता.
अंजलि ने कार्यक्रम के लिए तय नियमों और व्यवस्थाओं का पालन करने की बात भी कही. उन्होंने दर्शकों से माफी मांगते हुए कहा कि लोग घंटों से गर्मी में इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में बेहतर इंतजाम होने चाहिए थे. हालांकि, 'कच्चा बादाम' गाना बजने पर उनकी नाराजगी की असली वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
मोमेंटो लेने-देने पर भी जताई नाराजगी, मंच से चली गईं
कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, अंजलि ने मोमेंटो देने की बात पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि वह कोई मोमेंटो नहीं देंगी. इसके बाद उन्होंने दर्शकों के साथ सेल्फी ली और मंच से चली गईं. उनके अचानक जाने से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए.
एक दर्शक के मुताबिक, वह शाम सात बजे से अंजलि की प्रस्तुति का इंतजार कर रहे थे. करीब तीन घंटे बाद वह मंच पर पहुंचीं, लेकिन कुछ ही मिनट में वापस चली गईं. ऐसे में टिकट लेकर उनकी परफॉर्मेंस देखने पहुंचे लोगों को निराशा हुई.
'कच्चा बादाम' से मिली पहचान, 'लॉक अप' में भी आईं नजर
अंजलि अरोड़ा को साल 2021 में 'कच्चा बादाम' गाने पर बनाए गए डांस वीडियो से सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान मिली थी. उनका वीडियो वायरल होने के बाद वह काफी लोकप्रिय हो गईं. इसके बाद साल 2022 में उन्होंने कंगना रनौत के रियलिटी शो 'लॉक अप' में हिस्सा लिया. इस शो से उन्हें और भी ज्यादा दर्शकों के बीच पहचान मिली. इसके बाद वह कई म्यूजिक वीडियो और मनोरंजन से जुड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आईं.