UP Cabinet Meeting: CM योगी की कैबिनेट बैठक आज, 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

UP Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट की बैठक में निवेश, इन्फ्रास्ट्रक्चर, परिवहन और जनकल्याण से जुड़े 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर चर्चा संभव है, वहीं मृतक आश्रित कोटे से दरोगा-सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों को दौड़ परीक्षा से राहत देने पर भी फैसला हो सकता है.

up-cabinet-meeting-yogi-15-proposals-health-jobs-update
Image Source: ANI

UP Cabinet Meeting: उत्तर प्रदेश में मंगलवार का दिन सरकार और प्रदेश के युवाओं के लिए अहम रहने वाला है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में निवेश, इन्फ्रास्ट्रक्चर, परिवहन और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है. माना जा रहा है कि बैठक में 15 से ज्यादा प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है. वहीं, मुख्यमंत्री आज 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे. दूसरी ओर, स्वाइन फ्लू और मौसमी बुखार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

कैबिनेट बैठक में 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर चर्चा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक को लेकर सभी संबंधित विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. बैठक में निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रस्तावों के साथ परिवहन और जनकल्याण से संबंधित मुद्दे भी रखे जाने की संभावना है. सरकार की कोशिश प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति देने और जनहित से जुड़े फैसलों को आगे बढ़ाने की है.

मृतक आश्रित कोटे में भर्ती को लेकर अहम फैसला संभव

कैबिनेट बैठक में पुलिस विभाग से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी चर्चा में आ सकता है. दरोगा और सिपाही के पदों पर मृतक आश्रित कोटे से भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को दौड़ परीक्षा से छूट देने पर विचार किया जा सकता है. अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो इससे संबंधित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

3572 युवाओं को आज मिलेगा नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इनमें कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित युवा शामिल हैं. इसके अलावा मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को भी नियुक्ति पत्र दिया जाएगा. सरकार के इस कदम से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ विभिन्न विभागों में कार्यबल को भी मजबूती मिलेगी.

स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष और स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण को लगातार स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं. सभी जिलों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की निगरानी के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है.

अस्पतालों में जांच और इलाज की व्यवस्था पर नजर

स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच, उपचार और उपलब्ध संसाधनों की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं. गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है. सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत के मुताबिक अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहनी चाहिए.

मौसमी बुखार को लेकर भी अस्पताल सतर्क

स्वाइन फ्लू के साथ मौसमी बुखार के बढ़ते मामलों को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. अस्पतालों में बुखार के मरीजों की आवश्यक जांच और उचित उपचार सुनिश्चित करने के साथ आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने की बात कही गई है. दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों तथा मेडिकल स्टाफ की पर्याप्त मौजूदगी पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

सरकार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य विभाग को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. लोगों से अफवाहों से बचने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है.

ये भी पढ़ें- ‘राम-राम चिल्लाते हैं और मछली की दावत उड़ाते’, अजय राय पर CM योगी का तीखा वार, बोले- बेशर्मी की भी एक सीमा