क्रिकेट के मैदान पर किसी खिलाड़ी की पहचान सिर्फ उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से नहीं होती, बल्कि शानदार फील्डिंग भी उसे खास बनाती है. भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में ऐसा ही कारनामा कर दिखाया है. उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस उपलब्धि के साथ तिलक ने कई देशों के बेहतरीन फील्डरों को पीछे छोड़ दिया है.
एक साल में 26 कैच पकड़कर बनाया रिकॉर्ड
तिलक वर्मा ने साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में फील्डर के तौर पर अब तक 26 कैच लपके हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की. मैच में तिलक ने टिम सीफर्ट और डेरिल मिचेल के कैच पकड़कर अपने रिकॉर्ड को नई ऊंचाई पर पहुंचाया. इससे पहले एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड इंडोनेशिया के डैनिलसन हाओए के नाम था.
डैनिलसन हाओए और मुहम्मद वसीम को छोड़ा पीछे
इससे पहले डैनिलसन हाओए ने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 25 कैच पकड़कर रिकॉर्ड बनाया था. वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मुहम्मद वसीम ने साल 2024 में 24 कैच अपने नाम किए थे. तिलक वर्मा ने 26 कैच के साथ इन दोनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है. इस रिकॉर्ड से यह भी साफ होता है कि तिलक ने पूरे साल फील्डिंग में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है.
टॉप खिलाड़ियों की लिस्ट में कौन-कौन शामिल?
एक कैलेंडर वर्ष में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच पकड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में मलेशिया के शार्विन मुनियांडी भी शामिल हैं. उन्होंने साल 2025 में 21 कैच पकड़े थे. वहीं, युगांडा के ब्रायन मसाबा ने 2023 में 20 कैच अपने नाम किए थे. बांग्लादेश के तंजिद हसन ने भी 2025 में 20 कैच लेकर इस सूची में जगह बनाई. तिलक वर्मा इन सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर अब इस रिकॉर्ड के शीर्ष पर पहुंच गए हैं.
फील्डिंग में भी टीम इंडिया के लिए अहम हैं तिलक
तिलक वर्मा की यह उपलब्धि भारतीय टीम के लिए भी खास है. टी20 क्रिकेट में जहां बल्लेबाजों के आक्रामक शॉट और गेंदबाजों के विकेट अक्सर सुर्खियां बटोरते हैं, वहीं बेहतरीन फील्डिंग भी मैच का रुख बदल सकती है. अहम मौकों पर कैच पकड़ना विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में बड़ी भूमिका निभाता है. तिलक ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि वह बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी टीम इंडिया के लिए उपयोगी खिलाड़ी हैं. एक कैलेंडर वर्ष में 26 कैच का रिकॉर्ड उनके शानदार प्रदर्शन की गवाही देता है.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: 70 रन पर गिरे 5 विकेट, फिर तिलक वर्मा ने पलट दी बाजी, न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की धमाकेदार जीत