मध्य प्रदेश, स्टेट डेस्क: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शपथ ग्रहण करने के छह घंटे के भीतर 2 बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिसकी चर्चा प्रदेश में ही नहीं, बल्कि देशभर में हो रही है. मुख्यमंत्री बनने के बाद बुधवार शाम को कार्यालय पहुंचे डॉ. मोहन यादव ने पहला महत्वपूर्ण आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश भर में धार्मिक स्थलों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर भी लाउडस्पीकर पर बैन किया गया है. बताया जा रहा है कि सीएम का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. इसके साथ ही यह भी घोषणा हुई है कि मध्य प्रदेश के हर जिले में प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज खुलेंगे.
इस आदेश के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला भी दिया गया है. इस बीच यह भी चर्चा हो रही है कि क्या मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राह पर हैं, जिन्होंने जनहित में मंदिरों और मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटवाए हैं. सीएम योगी ने कई और जनहित के फैसले लिए हैं, जिसकी तारीफ अक्सर होती है. उधर, सीएम योगी की तर्ज पर मोहन यादव ने अपने विरोधियों का यह भी संकेत दे दिया है कि वह इस तरह के जनहित के फैसले लेते रहेंगे.
सार्वजनिक स्थलों पर नहीं बिकेगा मांस
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक अहम फैसले में सार्वजनिक स्थलों पर मांस और अंडों की बिक्री पर भी रोक लगी दी है. इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि इससे गंदगी फैलती है और गैर मुस्लिम समुदाय के लोगों को दिक्कत पेश आती है. इससे पहले बुधवार को ही मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मोहन यादव ने विधिवत पूजा अर्चना कर कार्यभार संभाला.
यह लिखा है आदेश में
सामने आया है कि विभिन्न धर्म स्थलों में निर्धारित डेसिबल का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जा रहा है. शोर से मनुष्य के काम करने की क्षमता, आराम और नींद में व्यवधान पड़ता है. शोर वाले वातावरण से हाई बीपी, बेचैनी, मानसिक तनाव, अनिद्रा जैसे प्रभाव शरीर में पाए जाते हैं. इससे कान के आंतरिक भाग में भी समस्या हो जाती है. यहां पर बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए 230 सीटों में 163 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है.