स्पेन में एक भीषण रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. देश के मध्य हिस्से में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 50 लोगों की मौत होने और करीब 200 लोगों के घायल होने की खबर है. एबीसी स्पेन की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर के बाद ट्रेनों के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए. दुर्घटना के चलते मैड्रिड और दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाएं रोक दी गई हैं. स्पेन के प्रधानमंत्री ने भी इस घटना को गंभीर बताया है.
मोरा और ओर्गाज के बीच हुआ भीषण हादसा
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजर ADIF के मुताबिक, यह दुर्घटना मोरा, ओर्गाज और उर्डा कस्बों के बीच हुई. हादसा स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 9 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी में बताया गया कि AVE हाई-स्पीड ट्रेन एक जगह खड़ी Iryo ट्रेन से टकरा गई. हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है. एबीसी स्पेन ने परिवहन विभाग से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि हादसे के समय एक टेक्नीशियन सिग्नलिंग सिस्टम की खराबी दूर करने में जुटा था. आशंका है कि इसी वजह से AVE ट्रेन के चालक दल को आगे खड़ी ट्रेन की जानकारी नहीं मिल सकी.
राहत और बचाव कार्य में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है. सिविल गार्ड के जवानों के साथ कई सुरक्षा इकाइयों को मौके पर भेजा जा रहा है. टोलेडो प्रांत की पब्लिक सिक्योरिटी यूनिट, प्रकृति संरक्षण सेवा और ट्रैफिक विभाग के एजेंट भी बचाव कार्य में जुटे हैं. इसके अलावा स्यूदाद रियल और अल्बासेटे से सुरक्षा टीमें, रिजर्व यूनिट, एयर यूनिट, ड्रोन टीम, घुड़सवार पुलिस और अपराध जांच दल को भी तैनात किया जा रहा है. सिविल गार्ड के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, दोनों ट्रेनें रुकी हुई थीं और इसके बाद AVE ट्रेन को आगे बढ़ने का संकेत दिया गया. हालांकि, उसके चालक दल को आगे खड़ी Iryo ट्रेन के बारे में सूचना नहीं मिली थी. अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी.
कॉर्डोबा स्टेशन पर फंसे यात्री, रेल सेवाएं प्रभावित
हादसे के बाद रेल यातायात बाधित होने से कॉर्डोबा स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई. बड़ी संख्या में लोग अपनी ट्रेन का स्टेटस जानने और आगे की यात्रा के लिए जानकारी हासिल करने के लिए रेनफे के टिकट काउंटरों पर पहुंच रहे हैं. स्टेशन पर लगी स्क्रीन के जरिए मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच रेल सेवाओं में रुकावट की सूचना दी जा रही है. इस दुर्घटना का असर केवल रेल यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि दूसरे कार्यक्रमों पर भी पड़ा है. स्पेन में ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बुधवार सुबह मैड्रिड में प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च को स्थगित कर दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होने वाले कई लोग उसी रेल मार्ग से यात्रा कर रहे थे, जहां यह हादसा हुआ. इसके अलावा, दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में प्रदर्शनकारियों ने मार्च को बाद में आयोजित करने का फैसला लिया है.
ये भी पढ़ें: सऊदी अरब में हूती हमलों के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी, दूतावास ने दी ये सलाह, जानें क्या कहा