धामी सरकार ने महिलाओं के लिए खोला पिटारा, स्वरोजगार और रोजगार को लेकर लिया ये बड़ा फैसला

Single Women Scheme: उत्तराखंड में एकल महिलाओं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जल्द ही सरकार बड़ा फैसला लेने जा रही है.

धामी सरकार ने महिलाओं के लिए खोला पिटारा, स्वरोजगार और रोजगार को लेकर लिया ये बड़ा फैसला

देहरादून, न्यूज डेस्क: उत्तराखंड में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सीएम धामी (CM Dhami) ने एकल महिला योजना (Single Women Scheme) शुरू करने की घोषणा की थी. इसी को लेकर सोमवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने एकल महिलाओं को स्वरोजगार देने के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 75 प्रतिशत सब्सिडी की व्यवस्था को कैबिनेट में लाया जाएगा. 

एकल महिलाओं में कौन हैं शामिल?

बता दें कि, एकल महिला में अविवाहित,निराश्रित, तलाकशुदा, एसिड अटैक महिलाएं शामिल हैं. रेखा आर्या (Rekha Arya) ने इसके अलावा आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी (Anganwadi Job) केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिकाओं के रिक्त पदों का ब्योरा भी मांगा है. साथ ही इन पर नियुक्ति के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं. ऐसा इसलिए किया गया ताकि प्रदेश के किसी भी आंगनबाड़ी केन्द्र के संचालन में परेशानी न हो. वहीं, आगामी बालिका दिवस के अवसर पर मेधावी बालिकाओं को सम्मानित करने के लिए डेटा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं. 

5 हजार से अधिक महिलाओं को मिलेगा रोजगार

आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले दिनों में पांच हजार से अधिक महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. राज्य में 5120 मिनी आंगनबाड़ी (Mini Anganwadi) केंद्रों के आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने के प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजा जा चुका है. इसके तहत कुछ ही दिनों में  मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों का उच्चीकरण हो जायेगा. फिर प्रत्येक में मिनी आंगनबाड़ी में एक-एक सहायिका की नियुक्ति की जाएगी.