Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. संगड़ाह क्षेत्र के गतलोग गांव के पास एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसे की वजह से पूरे इलाके में मातम छा गया है. सबसे दुखद बात यह है कि गाड़ी में सवार लोग एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार के लिए उसका शव लेकर गांव लौट रहे थे.
शव लेकर गांव जा रहे थे ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी जगदीश शर्मा की 11 अगस्त को संगड़ाह अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी. उनके अंतिम संस्कार के लिए शव को गांव अरलू ले जाया जा रहा था.
परिजन और गांव के कुछ लोग बोलेरो कैंपर में सवार होकर शव के साथ जा रहे थे. मंगलवार रात जब गाड़ी गतलोग गांव के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा. इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी.
हादसे में चार लोगों की मौत
हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में राजेंद्र, देस राज, रिखी राम और राम गोपाल की मौत हो गई.
वहीं बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और चालक कपिल देव घायल हुए हैं. घायलों में कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव की हालत गंभीर बताई जा रही है.
चार घायल अस्पताल रेफर
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया. सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल संगड़ाह पहुंचाया गया.
यहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया. इनमें से एक घायल को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजे जाने की जानकारी है. अन्य घायलों का इलाज संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस हादसे की वजह पता कर रही
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बोलेरो चालक से वाहन पर नियंत्रण कैसे खोया. चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम संगड़ाह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है. एक ही हादसे में चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. प्रशासन की टीम घायलों के इलाज और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें- 'आजाद बलूचिस्तान' से तिलमिलाया पाकिस्तान! गोंधन में भीषण हवाई हमले, 27 लोगों की मौत