Jofra Archer Records: राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 में शानदार शुरुआत की है. टीम की सफलता के पीछे जहां वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की आक्रामक बल्लेबाजी बड़ी वजह रही है, वहीं गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने कमाल कर दिया है. इस सीजन में आर्चर बेहद खतरनाक फॉर्म में नजर आ रहे हैं, खासकर पावरप्ले में उनकी गेंदबाजी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है.
रविवार 19 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में जोफ्रा आर्चर ने आते ही धमाका कर दिया. उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर ओपनर टिम सिफर्ट को बोल्ड कर दिया. इस विकेट से राजस्थान को शानदार शुरुआत मिली और साथ ही आर्चर ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
"Pace is pace yaar!" ⚡@rajasthanroyals required early wickets, and @JofraArcher delivered on the very first ball! 🙌 #TATAIPL 2026 ➡️ #KKRvRR | LIVE NOW 👉 https://t.co/WYRBfg1pqf pic.twitter.com/laJ7inM4mC
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 19, 2026
लगातार तीन मैच में पहली गेंद पर विकेट
टिम सिफर्ट से पहले भी आर्चर ऐसा कर चुके थे. यह लगातार तीसरा मैच था, जब उन्होंने पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया. इससे पहले उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फिल सॉल्ट और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अभिषेक शर्मा को पहली ही गेंद पर आउट किया था. इसी के साथ आर्चर IPL इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने लगातार तीन मैचों में पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया है.
मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड की बराबरी
आर्चर ने इस प्रदर्शन के साथ मोहम्मद शमी के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है. शमी अब तक IPL में 5 बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले अकेले गेंदबाज थे. अब आर्चर ने भी यह कारनामा कर लिया है और उनके नाम भी 5 बार पहली गेंद पर विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
पावरप्ले में सबसे खतरनाक गेंदबाज
IPL 2026 के इस मुकाबले तक जोफ्रा आर्चर पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन चुके हैं. उन्होंने इस सीजन में अब तक 6 विकेट सिर्फ शुरुआती ओवरों में ही लिए हैं. उनकी तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ बल्लेबाजों को शुरुआत में ही दबाव में डाल देती है, जिससे विपक्षी टीम की शुरुआत खराब हो जाती है.
राजस्थान की ताकत बन रहे आर्चर
इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम संतुलित नजर आ रही है. बल्लेबाजी में जहां युवा खिलाड़ी रन बना रहे हैं, वहीं गेंदबाजी में आर्चर जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम को मजबूत बना रहे हैं. अगर आर्चर इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीजन में खिताब की राह और आसान हो सकती है.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी का दिखा अलग रूप, फेमस झालमुड़ी का चखा स्वाद; देखें VIDEO