iPhone 18: एपल की अगली आईफोन सीरीज को लेकर लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस साल आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और अपना पहला फोल्डेबल आईफोन आईफोन अल्ट्रा लॉन्च कर सकती है. आईफोन 18 प्रो मॉडल को 9 सितंबर 2026 को पेश किए जाने की उम्मीद है, जबकि सामान्य आईफोन 18 को अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है. नए फोन में बेहतर बैटरी, कैमरा अपग्रेड, ए20 सीरीज चिप और छोटा डायनेमिक आइलैंड जैसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की कीमत
लीक्स के अनुसार, आईफोन 18 प्रो के 256 जीबी मॉडल की भारत में कीमत 1,44,900 रुपये हो सकती है. अमेरिका में इसकी कीमत 1,299 डॉलर, दुबई में 4,499 एईडी और जापान में करीब 1,89,900 येन बताई जा रही है.
वहीं, आईफोन 18 प्रो मैक्स के 256 जीबी मॉडल की कीमत भारत में 1,69,900 रुपये हो सकती है. अमेरिका में इसकी कीमत 1,499 डॉलर, दुबई में 5,199 एईडी और जापान में करीब 2,19,000 येन होने की बात कही गई है.
आईफोन अल्ट्रा के 256 जीबी मॉडल की कीमत भारत में 2,49,900 रुपये बताई जा रही है. अमेरिका में इसकी कीमत करीब 2,400 डॉलर, दुबई में 7,349 एईडी और जापान में करीब 3,00,000 येन हो सकती है. हालांकि, ये सभी कीमतें लीक और अनुमान पर आधारित हैं.
डिस्प्ले और डिजाइन में हो सकते हैं बड़े बदलाव
लीक्स के मुताबिक, आईफोन 18 प्रो में 6.3 इंच का सुपर रेटिना एक्सडीआर ओएलईडी डिस्प्ले दिया जा सकता है. वहीं, 18 प्रो मैक्स में 6.9 इंच की स्क्रीन मिलने की उम्मीद है. दोनों फोन में 120 हर्ट्ज प्रोमोशन और एलटीपीओ तकनीक जारी रह सकती है. इनकी पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक होने की बात कही जा रही है.
डिजाइन में सबसे बड़ा बदलाव छोटा डायनेमिक आइलैंड हो सकता है. बताया जा रहा है कि फेस आईडी के कुछ हिस्सों को स्क्रीन के नीचे लगाया जा सकता है. प्रो मॉडल में सिल्वर, डार्क ग्रे, लाइट ब्लू और डार्क चेरी रंग मिलने की चर्चा है. पीछे के पैनल पर भी पिछले मॉडल के दो रंगों वाले डिजाइन की जगह एक जैसा लुक देखने को मिल सकता है.
ए20 प्रो चिप और 5,000 एमएएच बैटरी का दावा
आईफोन 18 प्रो और 18 प्रो मैक्स में टीएसएमसी की 2एनएम तकनीक पर बनी ए20 प्रो चिप मिलने की उम्मीद है. इससे फोन की स्पीड और बैटरी बचत बेहतर हो सकती है.
लीक्स में 12 जीबी रैम, नया सी2 मॉडेम, बेहतर वाई-फाई के लिए एन2 चिप और 5जी सैटेलाइट कनेक्टिविटी का भी दावा किया गया है. बैटरी को लेकर एक लीक में 5,000 एमएएच क्षमता की बात सामने आई है. अगर यह जानकारी सही होती है तो यह पिछले प्रो मॉडल के मुकाबले बड़ा बदलाव होगा.
फोन आईओएस 27 पर चल सकते हैं. इनमें बेहतर एलटीपीओ प्लस डिस्प्ले और वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम मिलने की भी चर्चा है.
कैमरे में मिल सकता है वेरिएबल अपर्चर
आईफोन 18 प्रो मैक्स के कैमरे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. एक लीक के मुताबिक, इसके 48 मेगापिक्सल मुख्य कैमरे में एफ/1.4 से एफ/4.0 तक वेरिएबल अपर्चर दिया जा सकता है.
इससे कैमरा अलग-अलग रोशनी में बेहतर तस्वीरें लेने के साथ डेप्थ को भी ज्यादा अच्छे तरीके से संभाल सकेगा. इसके अलावा 48 मेगापिक्सल अल्ट्रावाइड और 48 मेगापिक्सल टेलीफोटो कैमरा 4 गुना ऑप्टिकल जूम के साथ मिल सकता है.
आईफोन 18 प्रो में भी 48 मेगापिक्सल मुख्य, अल्ट्रावाइड और टेलीफोटो कैमरे दिए जाने की चर्चा है. हालांकि, इसमें वेरिएबल अपर्चर मिलने की उम्मीद नहीं है. सेल्फी के लिए दोनों फोन में 18 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है.
आईफोन अल्ट्रा होगा एपल का पहला फोल्डेबल फोन
आईफोन अल्ट्रा को एपल का पहला फोल्डेबल आईफोन बताया जा रहा है. लीक्स के मुताबिक, इसका डिजाइन सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड जैसा चौड़ा हो सकता है.
इसमें 5.3 से 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन और 7.6 से 7.8 इंच की अंदरूनी ओएलईडी स्क्रीन मिलने की बात कही जा रही है. दोनों स्क्रीन में 120 हर्ट्ज प्रोमोशन सपोर्ट हो सकता है.
फोन खुलने पर इसकी मोटाई 4.5 से 4.8 मिलीमीटर और बंद होने पर 9 से 9.5 मिलीमीटर के बीच हो सकती है. इसमें टाइटेनियम और एल्युमिनियम बॉडी के साथ लिक्विड मेटल हिंज मिलने की चर्चा है. दावा है कि इस हिंज की वजह से स्क्रीन पर पड़ने वाली क्रीज काफी कम दिखाई दे सकती है.
आईफोन अल्ट्रा में भी ए20 प्रो चिप और आईओएस 27 मिलने की उम्मीद है. कैमरे की बात करें तो इसमें 48 मेगापिक्सल मुख्य और 48 मेगापिक्सल अल्ट्रावाइड कैमरा दिया जा सकता है. इसके अलावा दो 18 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरे मिलने की चर्चा है.
बैटरी की क्षमता 4,700 एमएएच से 5,800 एमएएच के बीच हो सकती है. हालांकि, आईफोन अल्ट्रा के डिजाइन, फीचर्स और कीमत से जुड़ी इन सभी जानकारियों की अभी एपल ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.