रक्षाबंधन पर हरियाणा सरकार का बड़ा तोहफा, महिलाएं और बच्चे दो दिन कर सकेंगे फ्री बस यात्रा

रक्षाबंधन के मौके पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है. त्योहार पर अपने मायके जाने वाली महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी.

haryana-roadways-free-travel-women-raksha-bandhan-2026
Image Source: Social Media

रक्षाबंधन के मौके पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है. त्योहार पर अपने मायके जाने वाली महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगी. महिलाओं के साथ 15 साल तक के बच्चे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.

हरियाणा के साथ दिल्ली-चंडीगढ़ रूट पर भी सुविधा

परिवहन निदेशालय की ओर से सभी रोडवेज महाप्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं. मुफ्त यात्रा की सुविधा हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में राज्य के भीतर सफर के लिए लागू होगी. इसके अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली तक चलने वाली हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में भी महिलाएं और उनके साथ 15 वर्ष तक के बच्चे बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे. यह फैसला मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और परिवहन मंत्री अनिल विज के निर्देश पर लिया गया है.

अतिरिक्त बसों की भी होगी व्यवस्था

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके जाने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने बस संचालन को लेकर विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए हैं. रोडवेज महाप्रबंधकों को पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध रखने के साथ जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें चलाने को कहा गया है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को बसों की कमी या भीड़ से परेशानी न हो.

बस अड्डों पर तैनात रहेगा अतिरिक्त स्टाफ

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डों पर पर्याप्त संख्या में वर्दीधारी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी. स्टाफ को महिलाओं और बच्चों से जुड़ी यात्रा संबंधी जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए परिवहन विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय करने को कहा है. बस अड्डों पर पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज अधिकारियों को प्रशासन के संपर्क में रहने के निर्देश मिले हैं.

31 अगस्त तक देनी होगी मुफ्त यात्रा की रिपोर्ट

परिवहन विभाग इस पूरी व्यवस्था की निगरानी भी करेगा. साथ ही यह जानकारी जुटाई जाएगी कि रक्षाबंधन के दौरान कितनी महिलाओं और बच्चों ने मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का इस्तेमाल किया. सभी रोडवेज महाप्रबंधकों को 31 अगस्त तक लाभार्थी महिलाओं और बच्चों की संख्या की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने भाइयों से मिलने के लिए सफर करने वाली महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: पहले पति को उतारा मौत के घाट, फिर शरीर के अंग किए गायब... कुरुक्षेत्र में दिल दहलाने वाला मामला