गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों को इन लोगों के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ लिया गया.
इन गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में पकड़े गए संदिग्धों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. इससे पहले ATS ने 8 लोगों को हिरासत में लिया था. पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पांच और लोगों तक एजेंसियां पहुंचीं.
बड़े हमले की तैयारी का शक
जांच एजेंसियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोग देश में बड़े पैमाने पर धमाके करने की योजना बना रहे थे. सभी आरोपियों को उत्तर गुजरात के सिद्धपुर और आसपास के इलाकों से गिरफ्तार किया गया है.
सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क में मोहम्मद अयूब और अमीन शेरा की अहम भूमिका बताई जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने विस्फोटक बनाने के लिए गन पाउडर और कुछ अन्य रासायनिक पदार्थ जुटाए थे.
एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने सुनसान इलाकों में छोटे स्तर पर विस्फोट कर परीक्षण किए थे. ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं.
पाकिस्तान के हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए 8 संदिग्ध सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे. आरोप है कि उसी के निर्देश पर वे गुजरात में अपना नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को एक व्यक्ति के जरिए करीब 3 लाख रुपये मिले थे. इनमें से कुछ लोग गुजरात के पाटन स्थित एक मदरसे में रह रहे थे. वहां से कुछ संदिग्ध सामग्री और पर्चे भी बरामद किए गए हैं.
जैश का सरगना मसूद अजहर भारत में वांछित
जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन है, जिसकी स्थापना साल 2000 में मसूद अजहर ने की थी. भारत में कई आतंकी घटनाओं में इस संगठन का नाम सामने आ चुका है.
मसूद अजहर भारत में वांछित आतंकियों की सूची में शामिल है. उस पर जम्मू-कश्मीर समेत कई आतंकी हमलों में भूमिका निभाने के आरोप हैं.
मसूद अजहर को 1994 में भारत ने गिरफ्तार किया था, लेकिन 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट आईसी-814 के अपहरण के बाद यात्रियों की रिहाई के बदले उसे छोड़ दिया गया था. इसके बाद उसने जैश-ए-मोहम्मद संगठन बनाया.
ये भी पढ़ें- लॉर्ड्स वनडे होगा रोहित शर्मा का आखिरी मैच? टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच ने दिया जवाब, जानें क्या कहा