अमेरिका में गृहयुद्ध, दुनिया में आर्थिक तबाही और जंग! 2027 को लेकर चीनी प्रोफेसर ने की 5 भविष्‍यवाणी

दुनिया इस समय कई बड़े संघर्षों से जूझ रही है. पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी तनाव के बीच चीन में जन्मे कनाडाई प्रोफेसर जिआंग शुइकिन ने आने वाले सालों को लेकर कुछ चौंकाने वाले अनुमान लगाए हैं.

Civil war in the US global recession Jiang Xueqin Predictions For 2027
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Jiang Xueqin Predictions: दुनिया इस समय कई बड़े संघर्षों से जूझ रही है. पश्चिम एशिया और यूक्रेन में जारी तनाव के बीच चीन में जन्मे कनाडाई प्रोफेसर जिआंग शुइकिन ने आने वाले सालों को लेकर कुछ चौंकाने वाले अनुमान लगाए हैं. उन्होंने 2027 को लेकर पांच ऐसी संभावित घटनाओं का जिक्र किया है, जिनमें अमेरिका का लंबा युद्ध, आर्थिक संकट और देश के भीतर बड़े स्तर पर अशांति शामिल है.

जिआंग अपने यूट्यूब चैनल ‘प्रेडिक्टिव हिस्ट्री’ पर इतिहास और भविष्य की घटनाओं को लेकर विश्लेषण करते हैं. वह तब ज्यादा चर्चा में आए थे, जब 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत का अनुमान उनकी ओर से लगाया गया था. इसके बाद उनकी भविष्यवाणियों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई. कुछ लोग उन्हें चीन का नास्त्रेदमस भी कहते हैं. हालांकि, उनकी भविष्यवाणियों को निश्चित भविष्यवाणी के बजाय उनके निजी अनुमान के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.

एक पॉडकास्ट में जिआंग ने कहा कि अमेरिका की विदेश नीति में लिया गया कोई गलत फैसला देश को एक साथ सैन्य और आर्थिक संकट में धकेल सकता है. उन्होंने सबसे पहले ईरान को लेकर बड़ा दावा किया. उनके मुताबिक, अगर ईरान के खिलाफ अमेरिकी हवाई कार्रवाई से अपेक्षित नतीजा नहीं मिलता है तो अमेरिका के सामने जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने का विकल्प आ सकता है. ऐसा होने पर संघर्ष जल्दी खत्म होने के बजाय कई साल तक खिंच सकता है.

युवाओं को सेना में भेजने का दबाव

जिआंग का मानना है कि लंबे समय तक युद्ध चलने पर अमेरिकी सेना को ज्यादा सैनिकों की जरूरत पड़ सकती है. ऐसी स्थिति में सरकार युवाओं की अनिवार्य भर्ती पर विचार कर सकती है. उन्होंने अनुमान लगाया कि 2027 के दौरान इस दिशा में कोई योजना या प्रारूप सामने आ सकता है.

आईसीई की भूमिका बढ़ने का दावा

प्रोफेसर ने अमेरिका के अंदर कानून व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है. उनका कहना है कि सरकार घरेलू सुरक्षा और अवैध प्रवासन पर ज्यादा सख्ती कर सकती है. इसी वजह से इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इंफोर्समेंट यानी आईसीई की शक्तियां बढ़ने की संभावना उन्होंने जताई है. उनका यह भी अनुमान है कि कई अमेरिकी शहरों में नेशनल गार्ड की तैनाती पहले के मुकाबले ज्यादा देखने को मिल सकती है.

महंगाई के साथ गहरा सकता है आर्थिक संकट

जिआंग ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर भी बड़ा खतरा बताया है. उनके अनुसार, अगर होर्मुज जलडमरूमध्य में लंबे समय तक आवाजाही बाधित रहती है तो दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति पर सीधा असर पड़ेगा. तेल और गैस के साथ खाद की कीमतें भी बढ़ सकती हैं. इसका असर परिवहन और सामान की आपूर्ति पर पड़ेगा, जिससे महंगाई बढ़ने और खाद्य संकट जैसी स्थिति बनने का खतरा पैदा हो सकता है.

अमेरिका में गृहयुद्ध जैसे हालात की आशंका

सबसे गंभीर अनुमान उन्होंने अमेरिका की आंतरिक स्थिति को लेकर लगाया है. उनका कहना है कि आर्थिक परेशानी, सैन्य भर्ती और सड़कों पर सुरक्षाबलों की ज्यादा मौजूदगी से समाज में तनाव बढ़ सकता है. जिआंग के मुताबिक, अगर अलग-अलग संकट एक साथ सामने आते हैं तो 2027 तक अमेरिका में गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा होने की जमीन तैयार हो सकती है.

प्रोफेसर का कहना है कि अमेरिका के भीतर पैदा होने वाला ऐसा संकट केवल वहां तक सीमित नहीं रहेगा. दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल अमेरिका में अस्थिरता का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार और दूसरे देशों पर भी पड़ सकता है. जिआंग ने इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप के तीसरे कार्यकाल की संभावना को लेकर भी दावा किया है. हालांकि, इन सभी अनुमानों की पुष्टि भविष्य में ही हो सकती है और इन्हें विशेषज्ञों की स्थापित भविष्यवाणी नहीं माना जा सकता.