Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में श्राद्ध का भोज खाने जा रहे लोगों से भरी एक छोटी नाव बीच ढाब में पलट गई. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं. घटना की खबर फैलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने पानी में डूबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. हादसे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताते हुए अनुग्रह राशि का ऐलान किया है.
बीच पानी में पलटी नाव
जानकारी के अनुसार, हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास हुआ. यहां सिंघेश्वर राय के घर श्राद्ध का भोज आयोजित किया गया था. बताया जा रहा है कि एक छोटी नाव पर सवार होकर करीब 20 से 25 लोग ढाब के दूसरी ओर भोज खाने जा रहे थे. इसी दौरान नाव बीच पानी में पलट गई और उसमें सवार लोग डूबने लगे. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया. ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
नाव पलटने के बाद स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक बचाव अभियान चलाया. पानी से निकाले गए लोगों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया. जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में लाए गए 17 बच्चों की डॉक्टरों ने जांच की, जिनमें से 13 को मृत घोषित कर दिया गया. तीन बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जबकि एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई गई. हादसे के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए. बच्चों की मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
नाव हादसे में जान गंवाने वाले 13 लोगों के नाम
इस हादसे में जान गंवाने वालों में मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिषा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के नाम शामिल हैं. हादसे में मृतकों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास बताई गई है. एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया चार-चार लाख रुपये की सहायता का ऐलान
वैशाली में हुए नाव हादसे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. हादसे से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के इस फैसले के बीच स्थानीय स्तर पर बचाव और प्रशासनिक कार्रवाई जारी रही.
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जाती है. पीएम मोदी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में जुटा है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है.
नाव पर सवार थे करीब 20 लोग
घटना के बाद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, एसएसपी शुभांक मिश्रा और अन्य अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचे. डीएम ने मीडिया को बताया कि हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ. शुरुआती सूचना के अनुसार, बच्चे नाव से पास के गांव में भोज खाने जा रहे थे, तभी नाव पलट गई. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार चलाया जा रहा है. प्रशासन स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की मदद से लोगों को तलाशने और बाहर निकालने में जुटा है.
रातभर जारी रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
जिलाधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया. उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर अभियान अगले दिन भी जारी रखा जाएगा. दूसरी ओर, ग्रामीणों ने हादसे के लिए जर्जर नाव को जिम्मेदार बताया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने डीएम और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी भी की. हादसे ने इलाके में शोक के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें- बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा; गंगा नदी में डूबी नाव, 11 लोगों की मौत से मचा कोहराम, 15-20 थे सवार