AUS vs BAN: मिचेल स्टार्क से भी आगे निकले शोरिफुल इस्लाम, बांग्लादेश के लिए बनाया नया रिकॉर्ड

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मकाय टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने पहली पारी में 48 रन देकर 7 विकेट लिए.

AUS vs BAN Shoriful Islam surpasses Mitchell Starc sets a new record for Bangladesh
Image Source: Social Media

AUS vs BAN: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मकाय टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने पहली पारी में 48 रन देकर 7 विकेट लिए. 15 ओवर के अपने स्पेल में शोरिफुल ने ऑस्ट्रेलिया के 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. मैच के पहले दिन उन्होंने 6 विकेट लिए थे, जबकि दूसरे दिन कैमरून ग्रीन को आउट कर 7 विकेट पूरे किए.

पहली बार बांग्लादेश के तेज गेंदबाज ने लिए 7 विकेट

शोरिफुल इस्लाम बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट की एक पारी में 7 विकेट लिए हैं. उनसे पहले इबादत हुसैन, हसन महमूद, तस्कीन अहमद, रोबुइल इस्लाम और मंजूरल इस्लाम एक पारी में 6-6 विकेट ले चुके थे.

शोरिफुल अपने करियर का 14वां टेस्ट खेल रहे हैं. इससे पहले टेस्ट की एक पारी में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 28 रन देकर 3 विकेट था. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका यह प्रदर्शन बेहद खास रहा.

ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर किसी एशियाई तेज गेंदबाज का यह तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है. पाकिस्तान के सरफराज नवाज ने 1979 में मेलबर्न में 86 रन देकर 9 विकेट लिए थे. वहीं भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव ने 1985 में एडिलेड में 106 रन देकर 8 विकेट हासिल किए थे.

स्टार्क ने भी मचाया था कहर

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी इस मैच में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने बांग्लादेश की पहली पारी में सिर्फ 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट लिए. स्टार्क ने अपने पहले ही स्पेल में 5 विकेट पूरे कर लिए थे.

उनकी घातक गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश की पूरी टीम सिर्फ 64 रन पर सिमट गई. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 210 रन बनाए और बड़ी बढ़त की तरफ बढ़ रहा था. लेकिन शोरिफुल इस्लाम ने 7 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को ज्यादा बड़ी बढ़त लेने से रोक दिया.