जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, बाइक सवार हमलावरों ने CRPF कैंप पर की फायरिंग, तीन जवान जख्मी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाकर फायरिंग की. इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए.

Terrorist attack in Kulgam Jammu and Kashmir open fire on a CRPF camp
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाकर फायरिंग की. इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए. घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, आतंकी बाइक से आए थे और उन्होंने सीआरपीएफ कैंप पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन हमलावर मौके से भागने में सफल रहे. अब सुरक्षाबलों की कोशिश है कि आतंकियों को इलाके से बाहर निकलने का मौका न मिले.

बाइक से आए थे हमलावर

बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ ने जम्मू हाईवे पर नाका लगा रखा था. इसी दौरान बाइक सवार आतंकियों ने फायरिंग कर दी. हमले के बाद सेना और अन्य सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है.

गौरतलब है कि दिवाली से पहले ही कुलगाम में सुरक्षाबलों को अलर्ट किया गया था. हाल ही में कुलगाम पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार भी किया था. अब इस हमले के बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.

वहीं, हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया था कि पिछले साल ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ के किसी भी जवान की मौत नहीं हुई थी.