दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट में भारत का जलवा, टॉप-7 में 2 को मिली जगह, देखें लिस्ट

साल 2026 के लिए दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट की सूची जारी कर दी गई है. इस बार भारत के लिए बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि देश के दो एयरपोर्ट इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुए हैं.

World Most Beautiful Airports List 2026 Two Indian Guwahati Navi Mumbai
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Most Beautiful Airports: साल 2026 के लिए दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट की सूची जारी कर दी गई है. इस बार भारत के लिए बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि देश के दो एयरपोर्ट इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुए हैं.

'प्रिक्स वर्साय' (Prix Versailles) की ओर से जारी इस सूची में दुनिया के सात एयरपोर्ट को जगह दी गई है. इन एयरपोर्ट का चयन उनकी शानदार डिजाइन, सस्टेनिबिलिटी, स्थानीय संस्कृति की झलक और यात्रियों को मिलने वाले बेहतर अनुभव के आधार पर किया गया है.

1. ग्वांगझू इंटरनेशनल एयरपोर्ट (टर्मिनल 3) रहा नंबर-1

चीन के ग्वांगझू इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 को दुनिया का सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट चुना गया है.

इस टर्मिनल का डिजाइन बादलों, पानी और फूलों से प्रेरित है. घुमावदार छत, बड़े खुले हिस्से, हरियाली और प्राकृतिक रोशनी इसे खास बनाते हैं. यहां चीन के किसी भी एयरपोर्ट का सबसे ऊंचा पब्लिक ऑब्जर्वेशन डेक भी मौजूद है.

2. फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट (टर्मिनल 3)

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट के नए टर्मिनल-3 को सूची में दूसरा स्थान मिला है.

इसका डिजाइन शहर की सड़कों, चौकों और सार्वजनिक जगहों से प्रेरित है. टर्मिनल का बड़ा हिस्सा मॉड्यूलर तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे इसे आधुनिक और सुविधाजनक बनाया गया है.

3. गुवाहाटी एयरपोर्ट ने बढ़ाया भारत का मान

असम के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 को इस सूची में तीसरा स्थान मिला है.

इसका डिजाइन पूर्वोत्तर भारत के खूबसूरत 'बैम्बू ऑर्किड' फूल से प्रेरित है. एयरपोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान यहां करीब 65.7 लाख यात्रियों ने सफर किया.

4. नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी सूची में शामिल

भारत का दूसरा एयरपोर्ट नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का टर्मिनल-1 है, जिसे चौथा स्थान मिला है.

इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी कमल की पंखुड़ियों जैसी दिखने वाली छत है. इस डिजाइन से प्राकृतिक रोशनी और हवा अंदर आती है, जिससे ऊर्जा की खपत कम होती है.

5. टेको इंटरनेशनल एयरपोर्ट

कंबोडिया के टेको इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पांचवां स्थान मिला है.

इस एयरपोर्ट की विशाल लहरदार छत किसी महल या मंदिर की छत जैसी दिखाई देती है, जो इसकी सबसे बड़ी पहचान मानी जाती है.

6. पिट्सबर्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया स्थित पिट्सबर्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट को छठा स्थान मिला है.

इसकी छत पहाड़ों और जंगलों से प्रेरित है. टर्मिनल के अंदर लगे स्टील के खंभे पेड़ों की शाखाओं जैसे दिखाई देते हैं, जिससे पूरे परिसर में प्राकृतिक माहौल महसूस होता है.

7. सैन डिएगो एयरपोर्ट (टर्मिनल 1)

अमेरिका के सैन डिएगो एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को सूची में सातवां स्थान मिला है.

इसकी सबसे बड़ी खासियत 244 मीटर लंबी घुमावदार कांच की दीवार है, जो टर्मिनल में भरपूर प्राकृतिक रोशनी लाती है, लेकिन अंदर अधिक गर्मी नहीं होने देती. यह अमेरिका का सबसे व्यस्त सिंगल रनवे वाला एयरपोर्ट भी माना जाता है.

ये भी पढ़ें- लंदन में गूंजी PoJK की आजादी की मांग, पाकिस्तानी सेना के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों कश्मीरी, देखें Video