Share Market: शेयर बाजार में गिरावट का दौर खत्म! एक महीने में 15% उछला बाजार, क्यों आई इतनी तेजी?

भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स 1300 अंक से ज्यादा चढ़कर 82,400 के पार पहुंच गया. इसमें करीब 1.65% की बढ़त दर्ज की गई.

Stock Market stock market has surged 15% in a month Today Sensex Nifty Update
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Share Market: भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिली. सेंसेक्स 1300 अंक से ज्यादा चढ़कर 82,400 के पार पहुंच गया. इसमें करीब 1.65% की बढ़त दर्ज की गई. बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों की दौलत में 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा हुआ.

वहीं, निफ्टी भी 350 अंक उछलकर 25,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. इसमें करीब 1.40% की तेजी आई है. आज बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है.

एक महीने में 15% की रिकवरी

साल 2026 की शुरुआत में 1 जनवरी को सेंसेक्स 85,188 के स्तर पर था. इसके बाद बाजार में लगातार गिरावट देखने को मिली. 1 अक्टूबर को सेंसेक्स गिरकर 71,292 के स्तर पर पहुंच गया, जो इस साल का सबसे निचला स्तर था. इस दौरान सेंसेक्स करीब 16% यानी 13,896 अंक टूट गया.

हालांकि, 1 अक्टूबर को निचला स्तर छूने के बाद बाजार ने तेजी से वापसी की. पिछले एक महीने में सेंसेक्स करीब 15% यानी 11,228 अंक चढ़कर 82,520 के स्तर पर पहुंच गया. इस तेजी के साथ बाजार पिछले 10 महीनों में हुए नुकसान की लगभग भरपाई करने के करीब पहुंच गया है.

शेयर बाजार में तेजी की 3 बड़ी वजहें

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

शेयर बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है. अमेरिका ने संकेत दिया है कि वह ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा. इससे मिडिल ईस्ट से तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका कम हुई है.

इस खबर के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर 89.16 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जो पिछले दो महीने का निचला स्तर है.

भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा कच्चा तेल दूसरे देशों से खरीदता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने से देश का आयात खर्च कम हो सकता है. इससे अर्थव्यवस्था को फायदा मिलने की उम्मीद है.

विदेशी निवेशकों ने बाजार में लगाया पैसा

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भी भारतीय शेयर बाजार को मजबूती मिली है. 2 से 9 नवंबर के बीच विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार में 53,739 करोड़ रुपये का निवेश किया.

वैश्विक बाजारों में AI कंपनियों के शेयरों में बिकवाली, भारतीय कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजे और बड़ी कंपनियों के शेयरों की आकर्षक कीमतों ने विदेशी निवेशकों को भारतीय बाजार की ओर खींचा है.

डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में मजबूती आने से भी बाजार की धारणा बेहतर हुई है. रुपया 7 पैसे मजबूत होकर 93.70 प्रति डॉलर पर पहुंच गया.

विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद से रुपये को सहारा मिला है. रुपये की मजबूती से विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ता है, जिसका फायदा शेयर बाजार को भी मिलता है.

ये भी पढ़ें- IPL 2027 Trade: हार्दिक-अर्शदीप का ट्रेड पूरा, दोनों की फीस ₹18-18 करोड़, रोहित शर्मा बनेंगे कप्तान?