PM Kisan Yojana: दिवाली से पहले किसानों के खाते में आएंगे 2000 रुपये? 24वीं किस्त पर आया बड़ा अपडेट

दिवाली का त्योहार नजदीक है और देश के करोड़ों किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये दिए जाते हैं.

PM Kisan Yojana 24th installment farmers receive Rs 2000 in their accounts
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

PM Kisan 24th Installment: दिवाली का त्योहार नजदीक है और देश के करोड़ों किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये दिए जाते हैं. यह पैसा 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है.

सरकार ने इससे पहले 23वीं किस्त 20 जून को जारी की थी. अब अगली किस्त को लेकर किसानों के मन में सवाल है कि उन्हें 2,000 रुपये कब मिलेंगे और क्या यह रकम दिवाली से पहले खाते में आ सकती है.

दिवाली से पहले मिल सकते हैं 2000 रुपये

पीएम किसान योजना के तहत आमतौर पर हर चार महीने में एक किस्त जारी की जाती है. इस हिसाब से 24वीं किस्त अक्टूबर में आने की संभावना जताई जा रही है. पिछले दिनों कृषि विभाग के उप-कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया ने भी अगली किस्त अक्टूबर में आने के संकेत दिए थे.

इस साल दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी. ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि सरकार त्योहार से पहले उनके खाते में 2,000 रुपये भेज सकती है. हालांकि, अभी तक केंद्र सरकार ने 24वीं किस्त जारी करने की किसी तय तारीख का ऐलान नहीं किया है.

किसानों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर किस्त की तारीख को लेकर किए जा रहे दावों पर भरोसा न करें. सही जानकारी के लिए केवल सरकारी वेबसाइट और आधिकारिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें.

इन गलतियों से अटक सकती है किस्त

पीएम किसान योजना की किस्त जारी होने के बाद भी कई बार पैसा किसानों के खाते में नहीं पहुंच पाता. इसकी एक वजह जरूरी दस्तावेजों या जानकारी में कमी हो सकती है. इसलिए किसानों को पहले से ही अपनी जानकारी की जांच कर लेनी चाहिए.

सबसे पहले यह देख लें कि योजना में रजिस्ट्रेशन के दौरान दी गई जानकारी सही है या नहीं. इसके साथ ही ई-केवाईसी पूरी होनी चाहिए और जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन भी होना जरूरी है. किसानों को यह भी जांचना चाहिए कि उनका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक है या नहीं.

अगर इनमें से कोई भी प्रक्रिया अधूरी है, तो उसे जल्द पूरा करा लें. ऐसा करने से किस्त मिलने में होने वाली परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है.

घर बैठे ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस

किसानों को अपनी किस्त का स्टेटस जानने के लिए सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है. वे मोबाइल या कंप्यूटर से पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भुगतान से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं.

इसके लिए सबसे पहले https://pmkisan.gov.in/ वेबसाइट खोलें. होमपेज पर दिए गए ‘Know Your Status’ विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद अपना पीएम किसान रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें.

अब ‘Get OTP’ पर क्लिक करें. आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा. इसे दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें. इसके बाद स्क्रीन पर आपके रजिस्ट्रेशन और किस्त के भुगतान से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी.

24वीं किस्त की तारीख और भुगतान से जुड़ी नई जानकारी के लिए किसान समय-समय पर पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें.