झारखंड की महिलाओं के खुशखबरी! होली से पहले खाते में आएगी मंईयां सम्मान योजना की राशि

झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को एक और बड़ी राहत मिलने वाली है. इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली अगली किस्त की राशि अब होली से पहले महिला लाभुकों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी. 

Jharkhand Maiyaan Samman Yojana will be credited to the account before Holi
Image Source: ANI

रांची: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को एक और बड़ी राहत मिलने वाली है. इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली अगली किस्त की राशि अब होली से पहले महिला लाभुकों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी. 

लाभार्थियों का सत्यापन प्रक्रिया में तेजी

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने बताया कि योजना के तहत नामांकित लाभार्थियों का सत्यापन कार्य तेजी से चल रहा है. सत्यापन के दौरान यह पाया गया है कि कुछ लाभार्थी पात्रता की शर्तों को पूरा नहीं कर रहे हैं. ऐसे मामलों की पहचान की जा रही है और अपात्र महिलाओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे. इसके अलावा, पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी चल रही है ताकि सभी को सही तरीके से लाभ मिल सके.

दो किस्तों का भुगतान एकमुश्त

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिन लाभार्थियों को 17वीं और 18वीं किस्त का भुगतान अभी तक नहीं मिला है, उनके लिए खुशखबरी है. सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि इन दोनों किस्तों का भुगतान एक साथ, यानी पांच हजार रुपये की राशि, लाभार्थियों के खाते में हस्तांतरित की जाएगी. इससे महिला लाभार्थियों को एक साथ बड़ी राशि मिलेगी, जो उनके लिए आर्थिक रूप से मददगार साबित होगी.

आर्थिक योजनाओं के लिए विशेष प्रावधान

झारखंड विधानसभा में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तीसरे अनुपूरक बजट को पेश किया. इस बजट में कुल 6,450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसमें मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अलावा अन्य कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भी राशि का प्रावधान किया गया है, जैसे सर्वजन पेंशन, साइकिल वितरण, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, कंबल एवं वस्त्र वितरण और मुख्यमंत्री किशोरी कल्याणार्थ जैसी योजनाएं.

ये भी पढ़ें: US सुप्रीम कोर्ट से डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका, टैरिफ को बताया गैरकानूनी, कहा - राष्ट्रपति को अधिकार नहीं