बाल-बाल बची 10 लोगों की जान! केदरानाथ रूट के दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग, ऐसे टला बड़ा हादसा

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके में बदलते मौसम ने आज यात्रियों के लिए खतरे की घंटी बजा दी. रुद्रप्रयाग जिले में चार धाम यात्रा के दौरान दो हेलीकॉप्टरों को अचानक खराब मौसम की वजह से अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.

emergency-landing-two-helicopters-uttarakhand-bad-weather-all-passengers-safe
Image Source: Social Media

देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके में बदलते मौसम ने आज यात्रियों के लिए खतरे की घंटी बजा दी. रुद्रप्रयाग जिले में चार धाम यात्रा के दौरान दो हेलीकॉप्टरों को अचानक खराब मौसम की वजह से अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही प्रशासन और पायलटों की सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया.

अगस्त्यमुनि में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

मौके की जानकारी के अनुसार, एक हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से सेरसी की ओर उड़ान भर रहा था, जबकि दूसरा देहरादून से फाटा के लिए जा रहा था. गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्रों में अचानक मौसम बिगड़ने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर हेलीकॉप्टरों को अगस्त्यमुनि खेल मैदान में उतार दिया गया.

सभी यात्री सुरक्षित, प्रशासन ने लिया जायजा

दोनों उड़ानों में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें पायलट और यात्री शामिल हैं. राहत की बात यह रही कि सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. कुछ समय बाद मौसम साफ होने पर दोनों हेलीकॉप्टरों ने सुरक्षित टेकऑफ किया.

पहाड़ी इलाकों में मौसम की अनिश्चितता चुनौती

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम लगातार बदल रहा है, जिससे हेलीकॉप्टर और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है. प्रशासन लगातार इन उड़ानों पर नजर रखे हुए है और सतर्कता बरत रहा है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

ये भी पढ़ें: वर्क फ्रॉम होम, पेट्रोल-डीजल की बचत, सोने की खरीद नहीं... PM मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार की अपील