फिर फैल रहा Covid-19 का नया वेरिएंट, 8 देशों में मिले म्यूटेट वायरस के केस, फिर लौटेगी महामारी?

दुनिया के कई देशों में Covid-19 के नए वेरिएंट PJ.2.1 के मामले सामने आने के बाद वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है.

Covid-19 new variant Pj 2 1 is spreading cases of the mutated virus in 8 countries
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

दुनिया के कई देशों में Covid-19 के नए वेरिएंट PJ.2.1 के मामले सामने आने के बाद वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है. कनाडा के ओंटारियो में पहली बार इसकी पहचान हुई थी. इसके बाद यह अब तक 8 देशों तक पहुंच चुका है. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूरोप के कुछ देशों में भी इसके मामले दर्ज किए गए हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह नया वेरिएंट कोरोना संक्रमण की एक और लहर ला सकता है.

वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस वेरिएंट के स्पाइक प्रोटीन में कई बदलाव यानी म्यूटेशन हुए हैं. स्पाइक प्रोटीन वायरस का वह हिस्सा होता है, जिसकी मदद से वह इंसान की कोशिकाओं में प्रवेश करता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) समेत दूसरी स्वास्थ्य एजेंसियां इस नए वेरिएंट पर नजर बनाए हुए हैं.

इन 8 देशों में मिले PJ.2.1 के मामले

कोरोना के नए वेरिएंट PJ.2.1 की पहचान अब तक इन देशों में हुई है.

कनाडा, अमेरिका, स्पेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजरायल और सिंगापुर.

आखिर क्यों तेजी से फैल रहा है PJ.2.1?

जर्नल ऑफ इंफेक्शन में इस नए वेरिएंट को लेकर शुरुआती स्टडी प्रकाशित हुई है. इसमें बताया गया है कि PJ.2.1 के तेजी से फैलने की एक वजह ACE2 रिसेप्टर से इसका आसानी से जुड़ना हो सकता है.

ACE2 रिसेप्टर इंसान की कोशिकाओं में मौजूद होता है. वायरस इसी के जरिए शरीर की कोशिकाओं में प्रवेश करता है. वैज्ञानिकों के अनुसार, नए वेरिएंट में हुए बदलाव के कारण यह कोशिकाओं से आसानी से जुड़ सकता है.

हालांकि, शोधकर्ताओं को अभी ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि PJ.2.1 दूसरे वेरिएंट की तुलना में वैक्सीन से बनी एंटीबॉडीज से बचने में ज्यादा सक्षम है. इसके लक्षण भी सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे हो सकते हैं.

क्या नया वेरिएंट पहले से ज्यादा खतरनाक है?

विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल PJ.2.1 को कोरोना महामारी की शुरुआत में सामने आए वायरस जितना गंभीर नहीं माना जा रहा है. इससे गंभीर बीमारी या मौत का खतरा पहले की तरह दिखाई नहीं दे रहा है.

डॉक्टरों का कहना है कि यह हाल के दूसरे वेरिएंट की तुलना में बहुत ज्यादा खतरनाक नहीं लगता. हालांकि, इसके बढ़ते मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. खासकर कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों और पहले से बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

WHO के मुताबिक, इस वेरिएंट के लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम जैसे हो सकते हैं. कोरोना संक्रमण की जांच के लिए एंटीजन टेस्ट किया जा सकता है, जबकि वायरस के किस वेरिएंट से संक्रमण हुआ है, इसकी पहचान जीनोमिक सीक्वेंसिंग के जरिए होती है.

भारतीयों को कितनी सावधानी बरतने की जरूरत?

फिलहाल ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं है कि PJ.2.1 से संक्रमित होने पर लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा गंभीर बीमारी हो रही है या अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत बढ़ रही है. हालांकि, इसका तेजी से फैलना चिंता का विषय है.

विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूर बरतनी चाहिए. भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना बेहतर है. अगर सर्दी-जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण दो दिन से ज्यादा बने रहते हैं तो खुद को दूसरों से अलग रखें और कोरोना टेस्ट करवाएं.

फिलहाल इस नए वेरिएंट को लेकर स्वास्थ्य एजेंसियां निगरानी कर रही हैं. आने वाले दिनों में इसकी फैलने की क्षमता और लोगों की सेहत पर इसके असर को लेकर ज्यादा जानकारी सामने आ सकती है.

ये भी पढ़ें- 'सिग्नल रेड है, ब्रेक काम नहीं कर रहा', असम ट्रेन हादसे से पहले लोको पायलट की चेतावनी, वीडियो वायरल