भारतीय वायुसेना उत्तराखंड में एक बड़ा युद्धाभ्यास करने जा रही है. इस अभ्यास में सुखोई, राफेल और तेजस जैसे लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे. इसके लिए 13 से 21 नवंबर 2026 तक का समय तय किया गया है. वायुसेना ने इस संबंध में NOTAM भी जारी किया है. इस युद्धाभ्यास का मकसद अपनी सैन्य तैयारियों को परखना और पहाड़ी इलाकों में हवाई ऑपरेशन की क्षमता को मजबूत करना है.
आमतौर पर लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास भारतीय सेना और वायुसेना की गतिविधियां देखने को मिलती हैं. लेकिन अब उत्तराखंड में भी सीमा के नजदीक बड़े स्तर पर हवाई अभ्यास होने जा रहा है. ऐसे में इस युद्धाभ्यास को काफी अहम माना जा रहा है. इसमें वायुसेना के कई प्रमुख लड़ाकू विमान अपनी ताकत दिखाएंगे.
उत्तराखंड में युद्धाभ्यास के क्या हैं मायने?
भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) करीब 3,488 किलोमीटर लंबी है. यह सीमा पूर्वी लद्दाख से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है. इन दोनों इलाकों में चीनी सैनिकों की गतिविधियों को लेकर अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती है.
वहीं, मध्य हिमालय का इलाका यानी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लगा करीब 545 किलोमीटर का सीमा क्षेत्र आमतौर पर शांत रहता है. लेकिन इस इलाके में भी भारत ने पिछले कुछ सालों में अपनी सैन्य तैयारियों को मजबूत किया है.
पिछले करीब एक दशक में इस क्षेत्र में सैन्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है. फॉरवर्ड एयरबेस को आधुनिक बनाया गया है और निगरानी व्यवस्था को भी बेहतर किया गया है. ऐसे में उत्तराखंड में LAC के नजदीक होने वाला यह युद्धाभ्यास वायुसेना के लिए अपनी तैयारियों को जांचने का मौका होगा.
सुखोई, राफेल और तेजस जैसे लड़ाकू विमान होंगे शामिल
भारतीय वायुसेना के इस युद्धाभ्यास में फ्रंटलाइन लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे. वायुसेना के पास फिलहाल कई प्रमुख लड़ाकू विमान हैं, जिनका इस्तेमाल अलग-अलग सैन्य अभियानों में किया जाता है.
इनमें सुखोई Su-30, राफेल, तेजस LCA, मिराज 2000 और मिग-29 शामिल हैं. ये विमान हवा में दुश्मन से मुकाबला करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर जमीन पर मौजूद दुश्मन के ठिकानों को भी निशाना बनाने में सक्षम हैं.
NOTAM क्या होता है?
NOTAM विमानन से जुड़ा एक आधिकारिक नोटिस होता है. इसे किसी खास हवाई क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों या संभावित खतरे की जानकारी देने के लिए जारी किया जाता है. इसके जरिए पायलटों और एयरलाइंस को पहले ही बता दिया जाता है कि किसी तय समय पर किस हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने से बचना है.
NOTAM का पूरा नाम पहले 'नोटिस टू एयरमेन' था, जिसे अब 'नोटिस टू एयर मिशन' कहा जाता है. इसका इस्तेमाल हवाई युद्धाभ्यास, मिसाइल परीक्षण और दूसरी सैन्य गतिविधियों से पहले किया जाता है.
उत्तराखंड में होने वाले इस युद्धाभ्यास के लिए भी NOTAM जारी किया गया है, ताकि संबंधित विमानों को तय हवाई क्षेत्र और अभ्यास के समय की जानकारी मिल सके. इससे सैन्य अभ्यास के दौरान हवाई यातायात को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है.
ये भी पढ़ें- एअर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक की धमकी, टॉयलेट में मिला नोट, कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप