Chandrayaan 3 : चंद्रमा से प्रज्ञान रोवर ने भेजा खास मैसेज, कहा- 'हेलो पृथ्वीवासियों...'

    'चंद्रयान-3' मिशन में शामिल प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा से अपनी और विक्रम लैंडर की सेहत के बारे में जानकारी ही है, साथ ही पृथ्वीवासियों का हालचाल भी लिया है.

    Chandrayaan 3 : चंद्रमा से प्रज्ञान रोवर ने भेजा खास मैसेज, कहा- 'हेलो पृथ्वीवासियों...'

    भारत के चंद्र मिशन 'चंद्रयान-3' के विक्रम लैंडर के साथ गए प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा से अपना हाल बताया है. प्रज्ञान रोवर ने एक संदेश भेजा है, जिसमें उसने पृथ्वी के लोगों के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली है. रोवर ने बताया है कि वह और उसका दोस्त विक्रम लैंडर संपर्क में हैं और दोनों अच्छे स्वास्थ्य में हैं. इसके साथ ही मैसेज में ये भी है कि जल्द ही बेहतरीन रिजल्ट आने वाला है.

    क्या कुछ मैसेज दिया प्रज्ञान रोवर ने?

    प्रज्ञान रोवर का संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर LVM3-M4/CHANDRAYAAN-3 MISSION नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है. इसमें कहा गया, "हैलो पृथ्वीवासियों! चंद्रयान-3 का प्रज्ञान रोवर. आशा है कि आप अच्छा कर रहे हैं. सभी को बताना चाहता हूं कि मैं चंद्रमा के रहस्यों को उजागर करने के रास्ते पर हूं. मैं और मेरे दोस्त विक्रम लैंडर संपर्क में हैं. हम ''वे अच्छे स्वास्थ्य में हैं. सर्वोत्तम परिणाम जल्द ही आने वाले हैं...''

    चंद्रमा पर आधा दिन गुजारने के करीब चंद्रयान-3

    आपको बता दें कि चंद्रयान-3 का मिशन जीवन एक चंद्र दिवस के बराबर आंकी गई है. जो पृथ्वी के 14 दिनों के बराबर है. चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर इसकी सॉफ्ट लैंडिंग बुधवार (23 अगस्त) शाम 6:04 बजे की गई. इस प्रकार यह चंद्रमा पर लगभग आधा दिन बिताने के करीब है. इस बीच भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने लैंडर और रोवर की मदद से चंद्रमा के बारे में कई अहम जानकारियां जुटाई हैं.

    शून्य से 203 डिग्री नीचे तक चला जाता है तापमान

    इसरो प्रमुख एस सोमनाथ समेत कई भारतीय वैज्ञानिकों ने उम्मीद जताई है कि चंद्रयान-3 दूसरे चंद्र दिवस में भी काम कर सकता है. इसके लिए इसे चंद्रमा की रात के अत्यधिक ठंडे तापमान में जीवित रहना पड़ता है. विशेषज्ञों का कहना है कि जब सूरज डूबता है तो चंद्रमा के कुछ हिस्सों में तापमान शून्य से 203 डिग्री नीचे तक चला जाता है.