कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. विमान उड़ान भरने के लिए तैयार था और होल्डिंग पॉइंट पर पहुंच चुका था. इसी दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला. इसमें विमान को हाईजैक करने की बात लिखी गई थी.
मामले की जानकारी मिलते ही पायलट और क्रू मेंबर्स ने सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी गई और विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया. इसके बाद विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां उसकी सुरक्षा जांच शुरू की गई. घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं.
यह घटना नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की है. जिस विमान में धमकी भरा नोट मिला, वह एयर इंडिया की फ्लाइट AI2772 थी. इसमें कुल 108 लोग सवार थे. विमान को सुबह 10:20 बजे कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होना था. फिलहाल जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा नोट किसने लिखा और क्या इसके पीछे कोई वास्तविक खतरा था.
होल्डिंग पॉइंट पर मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट
जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने के लिए होल्डिंग पॉइंट पर खड़ा था. इसी दौरान क्रू मेंबर्स की नजर टॉयलेट में रखे एक नोट पर पड़ी. इसमें विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी.
नोट मिलते ही क्रू मेंबर्स ने इसकी जानकारी पायलट को दी. इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया. सुरक्षा को देखते हुए विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई.
विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया
धमकी की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं. विमान को मुख्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया. यहां सुरक्षा नियमों के तहत विमान की जांच की जा रही है.
इस जांच में विमान के अंदर किसी संदिग्ध वस्तु या दूसरी खतरनाक चीज की तलाश की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही विमान की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा.
फ्लाइट में 108 लोग थे सवार
एयर इंडिया की फ्लाइट AI2772 में कुल 108 लोग मौजूद थे. इनमें 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर शामिल थे. इसके अलावा 10 अन्य कर्मचारी भी विमान में सवार थे.
यह एयरबस A320 विमान था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-TNH बताया गया है. इसे सुबह 10:20 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी. धमकी मिलने के बाद सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को रोक दिया गया.
धमकी भरा नोट किसने लिखा, जांच में जुटीं एजेंसियां
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि टॉयलेट में धमकी भरा नोट किसने रखा था. इसकी भी जांच की जा रही है कि नोट विमान में कब और कैसे पहुंचा.
एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी के पीछे कोई वास्तविक खतरा था या फिर किसी ने शरारत की थी. सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की मंजूरी देने पर फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- 'सिग्नल रेड है, ब्रेक काम नहीं कर रहा', असम ट्रेन हादसे से पहले लोको पायलट की चेतावनी, वीडियो वायरल