कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. विमान उड़ान भरने के लिए तैयार था और होल्डिंग पॉइंट पर पहुंच चुका था. इसी दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिला. इसमें विमान को हाईजैक करने की बात लिखी गई थी.
मामले की जानकारी मिलते ही पायलट और क्रू मेंबर्स ने सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी. एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी गई और विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया. इसके बाद विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां उसकी सुरक्षा जांच शुरू की गई. घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं.
यह घटना नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की है. जिस विमान में धमकी भरा नोट मिला, वह एयर इंडिया की फ्लाइट AI2772 थी. इसमें कुल 108 लोग सवार थे. विमान को सुबह 10:20 बजे कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होना था. फिलहाल जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा नोट किसने लिखा और क्या इसके पीछे कोई वास्तविक खतरा था.